एरच रोड स्टेशन एवं समपार फाटक संख्या 145-C का भी किया निरीक्षण
झाँसी मंडल से “अमृत भारत स्टेशन” योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में उच्चीकरण हेतु चयनित पुखरायां स्टेशन का निरीक्षण मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। सिन्हा द्वारा स्टेशन पर विकसित सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने यात्री सुविधाओं को परखा और आधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुखरायां स्टेशन पर विकसित सुविधाएं
स्टेशन पर नई फसाड लाइटिंग की गई है। प्रवेश द्वार को भव्य और आकर्षक रुप दिया गया है है। स्टेशन पर उच्च स्तरीय प्रकाश व्यवस्था की गई है। वेटिंग हॉल का उच्चीकरण कर आधुनिक से लैस किया गया है। एग्जीक्यूटिव लाउंज को उच्चीकृत कर स्टेट ऑफ द आर्ट सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए सर्कुलेटिंग एरिया के प्रत्येक तरफ साइनेज लगाए गए हैं। अप्रोच रोड को सुव्यवस्थित कर पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता सुगम बनाया गया है। इसके साथ ही पार्किंग क्षेत्र को भी विकसित किया गया है। स्टेशन की सजावट में स्थानीय कला का भी प्रयोग किया गया है। स्टेशन पर दिव्यांगजन सुविधाओं के साथ ही एलईडी आधारित स्टेशन नाम बोर्ड लगाया गया है। स्टेशन वाई-फाई का प्रावधान भी किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए अलग शौचालय और पेय जल की व्यवस्था की गई है।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि झांसी मंडल में अमृत भारत योजना के तहत चयनित स्टेशनों के पुनर्विकास से यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हो रही। इसके साथ ही व्यापार को भी बढ़ावा मिल रहा है। सिन्हा ने बताया कि झाँसी मंडल भारतीय रेल के महत्वपूर्ण अंग के रूप में अपने सभी सम्मानित रेल उपयोगकर्ताओं की सेवा में निरंतर श्रम कर रहा है । झाँसी मंडल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। इस कारण यहां पर यात्री सुविधाओं का निरंतर विकास किया जाना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा एरच रोड स्टेशन का निरीक्षण किया गया। उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। सिन्हा द्वारा स्टेशन मास्टर रूम और कंट्रोल पैनल की भी जांच की गई।
इसी क्रम में निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने समपार फाटक संख्या 145-C का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने ऑन ड्यूटी कर्मचारी के ज्ञान को परखा और संरक्षा को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए। कार्यरत गेटमैन निर्भय सिंह के सजग कार्य से प्रभावित होकर मंडल रेल प्रबंधक ने उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा भी की।
आज इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के साथ वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य नितिन गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर/ब्रांच लाइन कुमारी रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/मध्य कपिल गोयल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे. संजय कुमार उपस्थित रहे।