महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने उत्तर मध्य रेलवे पर संरक्षा, परिसंपत्ति विश्वसनीयता, समय पालनता, लदान एवं राजस्व अर्जन की स्थिति की समीक्षा की
महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे विनय कुमार त्रिपाठी ने उत्तर मध्य रेलवे पर संरक्षा, परिसंपत्ति विश्वसनीयता, समय पालनता, माल लदान और राजस्व अर्जन की स्थिति की समीक्षा की। वीडियोकॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में अपर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री रंजन यादव, उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष और प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री संदीप माथुर सहित मुख्यालय, मंडल के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
महाप्रबंधक ने वर्तमान में चल रहे कोविड-19 संकट के दृष्टिगत रेलवे के बुनियादी स्वास्थ्य ढांचे को उन्नत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे कर्मचारियों और उनके परिजनों का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसे करने के लिए हर संभव प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।
समय पालनता के बारे में चर्चा करते हुए,त्रिपाठी ने उत्तर मध्य रेलवे क्षेत्र में मालगाड़ियों की औसत गति को 50 किमी प्रति घंटे से अधिक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि चुनार-चोपन, भंडई-उडी मोड़, शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद आदि ब्रांच लाइन खंडों की सेक्शनल गति को आवश्यक बुनियादी ढांचागतइनपुट प्रदान करके और मिसिंग लिंक का विद्युतीकरण करके बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने क्षमता वृद्धि के लिए जोन में चल रहे तीसरी और चौथी लाइन के कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज-दीन दयाल उपाध्याय और झांसी–मथुरा की तीसरी लाइन के कार्यों की प्रगति की विशेष निगरानी की जाए ताकि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
महाप्रबंधक ने उत्तर मध्य रेलवे के गैर विद्युतीकृत खंडों में किए जा रहे विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर श्री सतीश कोठारी को परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी- कोर/प्रयागराज के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जाए और कार्य निष्पादन में तेजी लाई जाए।
राजस्व की स्थिति पर चर्चा करते हुए विनय कुमार त्रिपाठी ने प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एम.एन.ओझा को पार्सललोडिंग में सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक कस्टमर फ्रेंडली दृष्टिकोण और वर्तमान और संभावित ग्राहकों आवश्यकताओं को समझते हुए उनको पूरा करने से निश्चित रूप से बेहतर पार्सललोडिंग प्राप्त करने में मदद मिलेगी।