कोविड संक्रमित मरीज भर्ती हो सकेंगे कोंच के कोविड अस्पताल में
एल-1 बनाया गया है सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच
जल्दी ही यहां लग सकता है कम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट
कोंच। शासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच को एल-1 हॉस्पिटल बनाया गया है। इसमें कोविड संक्रमित मरीज भर्ती हो सकेंगे। पचास शैय्याओं बाले इस एल-1 में हालांकि ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की सुविधा नहीं होगी लेकिन जिनमें कोरोना जैसे लक्षण हैं और उन्हें अस्पताल में जाना है तो वे सीएचसी में बने एल-1 का लाभ ले सकते हैं। कोंच क्षेत्र के लोगों के लिए यह भी एक सुखद खबर हो सकती है कि सीएचसी कोंच में जल्द ही एक ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित होने जा रहा है जिसके लिए कुछ नामित संस्थाएं मुफीद जगह रहीं हैं। कोविड के इस हाहाकारी दौर में लोगों की जान पर बनी है। ऐसे में सरकार वे सब जरूरी उपाय करने में लगी है जिसमें कोविड से संक्रमित और कोरोना जैसे लक्षणों से युक्त लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। योगी सरकार ने हर जिले में दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एल-1 कोविड अस्पताल बनाने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए थे जिनके आलोक में जालौन की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कोंच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एल-1 का दर्जा देकर पचास शैय्याओं बाला कोविड अस्पताल बनाया है। इसके बाद अब कोंच क्षेत्र के ऐसे कोरोना संक्रमितों एवं कोरोना के लक्षणों जैसे मरीजों जिनका ऑक्सीजन लेवल ठीक है और उन्हें कोई खास दिक्कत नहीं है, को इसमें भर्ती किया जा सकता है। गौरतलब यह भी है कि सीएचसी कोंच में जल्दी ही एक कम क्षमता बाला ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित होने की उम्मीद है। शासन से नामित कतिपय संस्थाओं को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। गन्ना संस्थान के अलावा एक और अन्य संस्था के लोगों ने कोंच आकर ऑक्सीजन प्लांट के लिए जगह भी देखी है।
कोविड के मरीज आने के बाद बंद हो सकती हैं अन्य सुविधाएं
कोंच। हालांकि सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला ने एल-1 बना दिया है और उसे सीएचसी से अलग थलग रखने के लिए पटरे ठोंक कर बंद भी करा दिया है, लेकिन यदि इसमें कोविड संक्रमित मरीज आते हैं तो अस्पताल में जारी अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं में से कइयों पर ब्रेक लग सकता है। डॉ. शुक्ला ने बताया कि अभी इमरजेंसी सेवाओं के अलावा थोड़े बहुत रोगी ओपीडी में भी देखे जा रहे हैं और जनाना वार्ड भी काम रहा है लेकिन कोविड मरीजों के आने के बाद डिलीवरी सुविधा का लाभ महिला मरीजों को दे पाना संभव नहीं हो पाएगा। कुछ और सेवाओं पर भी विराम लग सकता है।
एल-2 बनता तो कोविड मरीजों को ज्यादा फायदा होता
कोंच। शासन के निर्देश पर सीएचसी कोंच में हालांकि एल-1 कोविड हॉस्पिटल बनाया गया है जो संक्रमण काल में निश्चित तौर पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा लेकिन यदि यहां एल-2 की स्थापना होती तो कोरोना संक्रमित मरीजों को कहीं ज्यादा फायदा होता क्योंकि मौजूदा समय में जो मरीज निकल कर आ रहे हैं उनमें ज्यादातर मामलों में ऑक्सीजन की कमी की शिकायत आ रही है। ऐसे मरीजों को एल-1 से कोई फायदा मिलने बाला नहीं है क्योंकि इसमें ऑक्सीजन की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। देखा जाए तो एल-1 तो हर वह घर ही बना है जिसमें कोविड संक्रमित हैं जो होम आइसोलेट हैं।