*श्री परवेज खान, कनिष्ठ सहायक को अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करने का अन्तिम अवसर*
*जिला कृषि कार्यालय झांसी में उपस्थित न होने पर होगी कनिष्ठ सहायक की सेवा समाप्ति*
—————-
झाँसी। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप कुमार मिश्रा ने अवगत कराया है कि श्री परवेज खान, कनिष्ठ सहायक, कार्यालय कृषि अधिकारी झांसी, जिनका स्थायी पता पानी की टंकी के पास, रामगंज, कालपी, जनपद-जालौन है, दिनांक 06 मार्च 2026 से बिना किसी अवकाश प्रार्थना पत्र के कार्यालय से अनुपस्थित हैं तथा 13 मार्च 2026 से लगातार बिना सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित चल रहे हैं। कार्यालय द्वारा उनकी अनुपस्थिति के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं ड्यूटी पर वापस लौटने हेतु पंजीकृत पत्र संख्या-1197 दिनांक 31 मार्च 2026, पंजीकृत पत्र संख्या-63 दिनांक 27 अप्रैल 2026 तथा पंजीकृत पत्र संख्या-122 दिनांक 23 मई 2026 प्रेषित किए गए थे, किन्तु आज तक श्री परवेज खान की ओर से कोई उत्तर प्राप्त नहीं हुआ है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उक्त कृत्य राजकीय सेवा नियमों, अनुशासन एवं कर्मचारी सेवा आचरण नियमावली-1999 के प्रतिकूल है, जिससे शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नोटिस के माध्यम से श्री परवेज खान को निर्देशित किया गया है कि समाचार पत्र में सूचना प्रकाशित होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी अनुपस्थिति के सम्बन्ध में साक्ष्यों सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्धारित अवधि के भीतर यदि सम्बन्धित कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं होते हैं अथवा अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो यह माना जाएगा कि वे शासकीय सेवा में कार्य करना नहीं चाहते हैं, ऐसी स्थिति में उनके विरुद्ध बिना किसी अन्य सूचना के विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ कर दी जाएगी, जिसके लिए श्री परवेज खान, कनिष्ठ सहायक स्वयं उत्तरदायी होंगे।