गरीब रिक्शा चालक की मदद को आगे आई पुलिस, थानाध्यक्ष ने पेश की मानवता की मिसाल
रेंढ़र (जालौन): आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक गरीब रिक्शा चालक के लिए थाना रेंढ़र पुलिस देवदूत बनकर सामने आई। रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करने में असमर्थ धर्मा सिंह अपने परिवार का भरण-पोषण रिक्शा चलाकर कर रहे थे, लेकिन हालात इतने बिगड़ गए कि वह अपने रिक्शे की किस्त (EMI) तक जमा नहीं कर पा रहे थे।
बताया जा रहा है कि किस्त न भर पाने के कारण उनका रोज़गार छिनने का खतरा मंडरा रहा था, जिससे उनका पूरा परिवार संकट में आ गया था। इसी बीच जब यह मामला थाना रेंढ़र के थानाध्यक्ष अभिनेन्द्र सिंह के संज्ञान में आया, तो उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक सहायता प्रदान की।
थानाध्यक्ष की इस मानवीय पहल से न केवल धर्मा सिंह को बड़ी राहत मिली, बल्कि पुलिस का एक सकारात्मक और संवेदनशील चेहरा भी सामने आया। इस सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की यह पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे कार्यों से जरूरतमंदों को उम्मीद मिलती है। लोगों ने थानाध्यक्ष के इस कदम को “मानवता की मिसाल” बताते हुए उनकी सराहना की है।