झांसी मंडल द्वारा वित्त वर्ष 2025–26 में मालभाड़ा लदान, समय पालन तथा सुरक्षित एवं सुचारू रेल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले परिचालन विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक झांसी श्री अनिरुद्ध द्वारा परिचालन विभाग के अंतर्गत कार्यरत लगभग 85 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, कर्तव्यनिष्ठ एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि झांसी मंडल का परिचालन विभाग निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है, जो मंडल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मालगाड़ियों के सुचारू संचालन, समय पालन एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में परिचालन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
उन्होंने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रेलवे की सफलता टीमवर्क, सतर्कता एवं समर्पण पर आधारित है। सभी कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे यात्रियों एवं ग्राहकों को बेहतर एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंडल रेल प्रबंधक ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की मेहनत एवं प्रतिबद्धता के कारण ही झांसी मंडल ने वित्त वर्ष 2025–26 में मालभाड़ा लदान एवं समय पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम कर्मचारियों को और अधिक उत्साह एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं, जिससे वे भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करते रहें।
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) पी. पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, मंडल परिचालन प्रबंधक (इंचार्ज) उर्वशी कुमारी, मंडल परिचालन प्रबंधक उर्वशी शेखावत सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर अप्रैल माह के दौरान गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय तथा रेल पटरियों के आसपास गंदगी फैलाने, प्लास्टिक एवं कचरा इधर-उधर फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 326 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं ऐसी गतिविधियों को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से कुल ₹65,200/- का जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों की स्वच्छता बनाए रखना केवल रेलवे की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक यात्री की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करता है, बल्कि विभिन्न प्रकार की बीमारियों की रोकथाम में भी सहायक होता है।
झांसी मंडल द्वारा समय-समय पर स्टेशन परिसरों में स्वच्छता जागरूकता अभियान, उद्घोषणाओं, पोस्टरों एवं रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे कूड़ा-कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्टेशन एवं ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सघन अभियान एवं दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रेल प्रशासन द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि दिनांक 29.05.2026 को रात्रि लगभग 01:15 बजे झाँसी–कानपुर रेलखंड के भुआ–उरई खंड के मध्य किलोमीटर संख्या 1231/14-16 पर तेज आंधी एवं खराब मौसम के कारण उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) की हाई टेंशन विद्युत लाइन टूटकर रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन पर गिर गई, जिससे उक्त रेलखंड पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई तथा रेल यातायात प्रभावित हुआ।
उपरोक्त घटना की सूचना प्राप्त होते ही मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं मंडल के अन्य सम्बंधित शाखाधिकारी तत्काल मंडल नियंत्रण कार्यालय पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।तत्पश्चात विद्युत (TRD) विभाग द्वारा त्वरित एवं युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
मंडल प्रशासन ने बिना विलंब किए उरई, चिरगांव एवं पुखरायां स्टेशनों से 03 टावर वैगनों को आवश्यक तकनीकी स्टाफ एवं उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना किया। विषम मौसम एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद रेलवे कर्मचारियों ने पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ लगातार कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त OHE प्रणाली को सुरक्षित रूप से बहाल किया।
रेलवे की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के फलस्वरूप प्रातः 08:07 बजे OHE को पुनः कार्यशील (Functional) कर रेल यातायात बहाल कर दिया गया। झाँसी मंडल के अधिकारियों द्वारा पूरी स्थिति की सतत निगरानी की जाती रही तथा संचालन सामान्य करने हेतु सभी संबंधित विभागों के मध्य समन्वित प्रयास किए गए।
उक्त घटना के चलते अप दिशा (झाँसी की ओर) में गाड़ी संख्या 12533, 22589, 12108, 15029, 19168 एवं 12512 तथा डाउन दिशा (कानपुर की ओर) में गाड़ी संख्या 01079, 19305, 20103, 12534 एवं 11109 सहित कुल 11 यात्री ट्रेनों तथा एक मालगाड़ी का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहा।
रेल प्रशासन प्राकृतिक आपदा के कारण यात्रियों को हुई असुविधा हेतु खेद व्यक्त करता है तथा विपरीत परिस्थितियों में भी त्वरित बहाली कार्य सुनिश्चित करने वाले झाँसी मंडल के कर्मचारियों एवं अधिकारियों की सराहना करता है।
क्विज प्रतियोगिता का आयोजन*
आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में मंडल में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 29 मई 2026 को बीटीसी (लोको), झांसी में विश्व पर्यावरण दिवस अत्यंत उत्साह और संकल्प के साथ मनाया गया, जिसके मुख्य अतिथि सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) झांसी, श्री अनिरुद्ध शुक्ला (ADEE/OP/JHS) रहे। इस विशेष अवसर पर मुख्य लोको निरीक्षक, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और एसएसई सहित कुल 21 रेल कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रशिक्षक श्री अनूप कुमार सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण सुरक्षा और संवर्द्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम तीन विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया और इसमें प्रथम पुरस्कार श्री सुमित कुमार खरे (SSE/TMC/JHS) ने प्राप्त किया।
इसी क्रम में मुख्य प्रशिक्षक बीटीसी लोको श्री भूपेन्द्र कुमार सक्सेना ने उपस्थित स्टाफ को ओजोन परत के महत्व, carbon उत्सर्जन के खतरों, पौधारोपण के लाभ और अधिक ऑक्सीजन का उत्सर्जन करने वाले पेड़ों के बारे में विस्तार से तकनीकी व व्यावहारिक जानकारी प्रदान की तथा सभी स्टाफ को अपने घरों एवं आसपास के परिसर में पौधारोपण कार्य हेतु प्रेरित किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री अनिरुद्ध शुक्ला ने रेल स्टाफ को संबोधित करते हुए प्रेरित किया कि गाड़ी संचालन करते समय ऊर्जा संरक्षण कर पर्यावरण संतुलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा रनिंग रूम एवं रेल परिसर को स्वच्छ रखकर व विद्युत उपकरणों का आवश्यकतानुसार उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री अनिरुद्ध शुक्ला जी द्वारा बीटीसी लोको, झांसी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
(5)
सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय बच्चों के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में आज प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान बैडमिंटन कोर्ट पर बच्चों ने जमकर पसीना बहाया तथा खेल की तकनीकी बारीकियों को सीखने का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट के उपाध्यक्ष श्री शोभाराम राय ने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बच्चों को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में नियमित सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विभिन्न विधाओं के प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। टेबल टेनिस में वरुण सिंह, बैडमिंटन में प्रदीप पाठक एवं जितेंद्र चौरसिया, डांस में शाहिद अली एवं अनामिका शर्मा, शतरंज में दिनेश खेर, बॉक्सिंग में देवेंद्र सिंह तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण में शत्रुघ्न सिंह बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
आज के प्रशिक्षण सत्र में नौनिहालों ने टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, कैरम, डांस एवं शतरंज का अभ्यास किया तथा संबंधित खेलों की बारीकियों को समझा। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली।
ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर इंस्टीट्यूट कमेटी के सचिव श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव सहित सदस्यगण अमित यादव, धीरज सक्सेना, राजू मीणा, सईद खान, अरविंद कुमार, महेंद्र साहू, अभिषेक रायकवार, केदार प्रसाद मीणा, तनवीर आलम, तेज सिंह मीणा एवं दीपचंद उपस्थित रहे।
(6)
रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधा एवं बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं। इसी क्रम में झांसी मंडल होकर गुजरने वाली बरेली-लोकमान्य तिलक एवं बरेली-इंदौर एक्सप्रेस में दोनों दिशाओं में स्थायी रूप से 03 अतिरिक्त स्लीपर कोच बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिसका विवरण इस प्रकार है-
अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा निर्धारित तिथियों से प्रभावी होगी :—
1. गाड़ी संख्या 14313 बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में 30 मई 2026 से।
2. गाड़ी संख्या 14314 लोकमान्य तिलक- बरेली एक्सप्रेस में 01 जून 2026 से।
3. गाड़ी संख्या 14319 बरेली-इंदौर एक्सप्रेस में 03 जून 2026 से।
4. गाड़ी संख्या 14320 इंदौर-बरेली एक्सप्रेस में 04 जून 2026 से।
कोच संरचना– अब उक्त दोनों एक्सप्रेस गाड़ियाँ निर्धारित तिथि से 04 सामान्य कोच, 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 01 जनरेटर कार एवं 01 एसएलआरडी सहित कुल 20 कोच रहेंगे।
इस स्थायी कोच वृद्धि का उद्देश्य यात्रियों को अतिरिक्त आरक्षित सीटों की सुविधा उपलब्ध कराना एवं यात्रा को अधिक आरामदायक बनाना है। इससे यात्रियों की प्रतीक्षा सूची में कमी आने के साथ-साथ बेहतर भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन के कोच संयोजन की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस, रेल मदद 139 अथवा अधिकृत पूछताछ केंद्रों से प्राप्त कर सकते हैं।