• Thu. Apr 30th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*हाईवे किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में सनसनी संवाददाता – दयाशंकर साहू*

ByNeeraj sahu

Apr 30, 2026

हाईवे किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में सनसनी
संवाददाता – दयाशंकर साहू

पूंछ (झांसी)
थाना पूंछ क्षेत्र में मंगलवार को झांसी-कानपुर हाईवे किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ढेरा निवासी योगेंद्र सिंह मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अपने खेत पर गए थे। इसी दौरान झांसी-कानपुर रोड पर ढेरी पुलिया के आगे स्थित बापू ढाबा के सामने सड़क किनारे खाई के पास बाबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। शव को देखते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी मोंठ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव पर कीड़े लगे हुए थे और शरीर फूल जाने के कारण उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन मृतक के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है, ताकि शव की पहचान हो सके और घटना के कारणों का खुलासा किया जा सके।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

Jhansidarshan.in