*कोंच कोतवाली पहुँचे अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप*
कोंच (जालौन)। बुधवार रात करीब 8 बजे अपर पुलिस अधीक्षक (IPS) डॉ. ईशान सोनी ने कोंच कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से थाना स्टाफ पूरी तरह सतर्क नजर आया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली के विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया और अभिलेखों, लंबित मामलों तथा कार्यालय व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।
इसके उपरांत उन्होंने अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति, गश्त व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान प्राथमिकता पर किया जाए और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में कोई ढिलाई न बरती जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध पूर्णता को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने नगर के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की और व्यापारियों से संवाद करते हुए अपने प्रतिष्ठानों पर CCTV कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक होंगे, बल्कि किसी भी घटना की स्थिति में साक्ष्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अंत में उन्होंने पुलिस बल के साथ कोतवाली से मुख्य मार्ग होते हुए सागर चौकी तक पैदल मार्च किया। इस मार्च का उद्देश्य नगर में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना और आमजन में विश्वास कायम करना रहा।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार, सागर चौकी प्रभारी सुमित पांडेय, खेड़ा चौकी प्रभारी शिवनारायण वर्मा, सुरही चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।