• Sun. Apr 19th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*खूंखार सांड का आतंक: तीन राहगीर घायल, दो की हालत गंभीर, झांसी रेफर संवाददाता: दयाशंकर साहू*

ByNeeraj sahu

Apr 19, 2026

खूंखार सांड का आतंक: तीन राहगीर घायल, दो की हालत गंभीर, झांसी रेफर
संवाददाता: दयाशंकर साहू

पूँछ (झांसी) — नगर क्षेत्र में पिछले करीब पंद्रह दिनों से एक उग्र सांड का आतंक बना हुआ था, जो राहगीरों पर लगातार हमला कर रहा था। शनिवार सुबह यह सांड फिर बेकाबू हो गया और तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों में संतोष साहू, मुन्ना यादव और मानसिंह कुशवाहा शामिल हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सांड पिछले कई दिनों से बाजार और मुख्य मार्गों पर घूमकर राहगीरों को दौड़ा-दौड़ा कर हमला कर रहा था। ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग और पशुपालन विभाग को फोन कर स्थिति से अवगत कराया, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शनिवार को हुई घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए संयुक्त प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद सांड को काबू में कर एक पेड़ से बांध दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद अब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Jhansidarshan.in

You missed