• Sun. Jan 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

विधायक ने किया निरीक्षण: मोंठ–समथर मार्ग पर जनवरी से शुरू होगा ओवरब्रिज संचालन, यूपी–एमपी के कई जिलों को मिलेगा लाभ

ByNeeraj sahu

Dec 16, 2025

विधायक ने किया निरीक्षण: मोंठ–समथर मार्ग पर जनवरी से शुरू होगा ओवरब्रिज संचालन, यूपी–एमपी के कई जिलों को मिलेगा लाभ

झांसी जनपद के मोंठ–समथर मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और आगामी जनवरी माह से इसके शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। मंगलवार को गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने मौके पर पहुंचकर ओवरब्रिज का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बताया कि ओवरब्रिज का निर्णय कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, केवल सड़क बिछाने का कार्य शेष है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। सड़क निर्माण के साथ ही ओवरब्रिज को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

विधायक ने कहा कि इस ओवरब्रिज के शुरू होने से मोंठ, समथर सहित आसपास के क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जनपदों के बीच आवागमन सुगम होगा। अभी तक रेलवे फाटक के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद जाम की समस्या से निजात मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। निर्माण के बाद ओवरब्रिज को रंग बिरंगी लाइट लगाकर सुसज्जित किया जाएगा।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ओवरब्रिज लंबे समय तक सुरक्षित और उपयोगी बना रहे। स्थानीय लोगों ने भी ओवरब्रिज के जल्द शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

गौरतलब है कि मोंठ–समथर मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। ओवरब्रिज के चालू होने से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष वीर प्रताप चौहान, कपिल मुदगिल, विकास निरंजन, दिनेश राजपूत, पार्षद अनिल सोनी मौजूद थे।

Jhansidarshan.in