अवैध शराब की सूचना दें, पहचान रहेगी गोपनीय: जिला आबकारी अधिकारी:-जालौन
UP Excise Citizen App, टोल-फ्री 14405 और व्हाट्सएप 9454466019 के प्रचार-प्रसार के निर्देश
उरई/जालौन। जिला आबकारी अधिकारी जालौन भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग द्वारा विकसित UP Excise Citizen App तथा विभागीय शिकायत एवं सूचना तंत्र को आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। यह पहल कार्यालय आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के 2 जून 2026 के निर्देशों के क्रम में की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी विभाग की अध्यक्षता में सम्पन्न स्थायी समिति की बैठक के निर्णयों के अनुपालन में टोल-फ्री नंबर 14405 एवं व्हाट्सएप नंबर 9454466019 का प्रचार समाचार पत्रों और तहसील मुख्यालयों पर होर्डिंग लगाकर कराया जाएगा।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि UP Excise Citizen App के माध्यम से नागरिक मदिरा की बोतलों पर अंकित QR Code को अपने मोबाइल फोन से स्कैन कर उसकी एमआरपी, ब्रांड, बैच नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। यह एप्लीकेशन एंड्रॉयड प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण अथवा बिक्री की सूचना मिलती है या किसी मदिरा की गुणवत्ता एवं वैधता पर संदेह होता है, तो वह इसकी सूचना विभाग की हेल्पलाइन 14405, व्हाट्सएप 9454466019 अथवा संबंधित आबकारी अधिकारियों को दे सकता है।
जनपद जालौन में क्षेत्रवार संपर्क नंबर इस प्रकार हैं—
क्षेत्र-1 (सदर) – 9454465677
क्षेत्र-2 (जालौन) – 8958108938
क्षेत्र-3 (कोंच) – 7303806546
क्षेत्र-4 (कालपी) – 9335246524
क्षेत्र-5 (माधौगढ़) – 9997522216
जिला आबकारी अधिकारी – 9718491814
जिला आबकारी अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं पर विभाग द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और विवरण पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता कर सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।