• Thu. Apr 30th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*झांसी में सट्टा माफियाओं पर बड़ी चोट, क्या अब जालौन की बारी?*

ByNeeraj sahu

Apr 30, 2026

*झांसी में सट्टा माफियाओं पर बड़ी चोट, क्या अब जालौन की बारी?*

झांसी में इन दिनों कानून का पहिया तेज़ रफ्तार से घूमता नजर आ रहा है। सट्टे के बड़े नेटवर्क पर हुई सख्त कार्रवाई ने पूरे बुंदेलखंड में हलचल मचा दी है। एडीजी ज़ोन कानपुर आलोक सिंह के नेतृत्व में चली इस मुहिम ने उन चेहरों को भी बेनकाब कर दिया, जिन्हें कभी “युवा दिलों की धड़कन” कहा जाता था।

करीब 100 करोड़ के हाई-प्रोफाइल सट्टा कनेक्शन में झांसी के चर्चित भाजपा नेता आशीष उपाध्याय का नाम सामने आने के बाद सियासी और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।

यह कार्रवाई सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि उस पूरे नेटवर्क पर प्रहार है जो युवाओं को आसान पैसे का लालच देकर उन्हें बर्बादी की ओर धकेल रहा था। झांसी परिक्षेत्र में IG आकाश कुलहरि और स्थानीय पुलिस की सख्ती ने साफ संकेत दे दिया है कि अब “सफेदपोश” होने का कवच भी कानून से बचाने वाला नहीं है।

अब जालौन पर सवाल क्यों?

झांसी की इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल जालौन जनपद को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां भी सट्टा माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें कई प्रभावशाली और तथाकथित “सफेदपोश” शामिल बताए जाते हैं।

हालांकि, अब तक जालौन में इस तरह की बड़ी और निर्णायक कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। ऐसे में लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं कि झांसी जैसी सख्ती यहां भी दिखाई दे।

*जनता की मांग: दिखे ठोस कार्रवाई*

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते सट्टे के इस नेटवर्क पर लगाम नहीं लगाई गई, तो इसका सबसे बड़ा नुकसान युवाओं को उठाना पड़ेगा। झांसी की कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि अगर इच्छाशक्ति हो, तो बड़े से बड़ा नेटवर्क भी तोड़ा जा सकता है।

*संदेश साफ है*

झांसी में हुई कार्रवाई ने एक मजबूत संदेश दिया है—

कानून के सामने कोई भी बड़ा नहीं।

अब देखना होगा कि क्या यही सख्ती जालौन में भी देखने को मिलती है, या फिर यहां के सट्टा माफिया यूं ही बेखौफ अपना खेल जारी रखते हैं।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹

📲9415924024,7007725321

Jhansidarshan.in