• Fri. May 1st, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*“तपती धूप में मिशन शक्ति का संकल्प: बस स्टैंड से गांव तक पहुंची पुलिस, महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक” संवाददाता – दयाशंकर साहू*

ByNeeraj sahu

Apr 30, 2026

“तपती धूप में मिशन शक्ति का संकल्प: बस स्टैंड से गांव तक पहुंची पुलिस, महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक”

संवाददाता – दयाशंकर साहू 

पूंछ (झांसी), दिनांक 29 अप्रैल 2026

तपती गर्मी और तेज धूप के बीच थाना पूंछ झांसी की मिशन शक्ति टीम ने आज मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर एक सराहनीय पहल पेश की। इस अभियान के तहत कस्बा पूंछ के बस स्टैंड, विभिन्न बैंक परिसरों तथा ग्राम सराय में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी, जिनमें प्रमुख रूप से विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाएं तथा बाल मजदूरी निषेध कानून शामिल रहे। टीम ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाना और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा और 112 पुलिस आपातकालीन सेवा प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके साथ ही टीम ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, अनचाहे लिंक एवं सोशल मीडिया ठगी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

यातायात सुरक्षा को लेकर भी जागरूक करते हुए “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की सख्त सलाह दी गई। इस दौरान टीम ने पंपलेट वितरित कर अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया।

यह संपूर्ण कार्यक्रम थाना प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Jhansidarshan.in