*कालपी में गौशाला की बदहाल स्थिति पर बवाल, अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग तेज*
कालपी। नगरपालिका परिषद द्वारा संचालित आलमपुर गौशाला में गौवंशों की दुर्दशा का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को विभिन्न हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर केवल केयरटेकर पर प्रस्तावित कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुए अधिशासी अधिकारी और आरआई पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि शासन स्तर पर गौवंश संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है और इसकी निगरानी के लिए गौ सेवा आयोग का गठन भी किया गया है। इसके बावजूद समय-समय पर लापरवाही के मामले सामने आते रहते हैं। शनिवार को हिन्दू संगठन के युवाओं ने आलमपुर गौशाला का निरीक्षण किया था, जहां उन्हें कई गायें बीमार और मृत अवस्था में मिलीं। इस दर्दनाक स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीबीओ डॉ. मनोज अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। हालांकि प्रारंभिक स्तर पर केवल केयरटेकर के खिलाफ कार्रवाई की बात सामने आई, जिससे नाराज संगठनों ने सोमवार को कड़ा विरोध जताया। भाजपा नगर अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी और विश्व हिन्दू परिषद नगर अध्यक्ष बब्बन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि केवल केयरटेकर को हटाना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि पूरी व्यवस्था की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बजरंग दल संयोजक हर्ष विश्नोई, सचिन त्रिपाठी, लखन पुरवार, संतोष राठौर, सभासद अतुल सिंह, कोमल सिंह, मंटू विश्नोई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।