• Sat. Jan 31st, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*कोंच में अतिरिक्त अलाव की मांग पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब*

ByNeeraj sahu

Jan 30, 2026

*कोंच में अतिरिक्त अलाव की मांग पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब*

जालौन :० कोंच नगर में सर्दी के मौसम को देखते हुए अतिरिक्त अलाव जलवाने की मांग करना कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रामकिशोर पुरोहित उर्फ ललिया महाराज को भारी पड़ गया। नगर पालिका परिषद कोंच की अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव ने उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि समयसीमा में उत्तर न देने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
मामले को लेकर गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे रामकिशोर पुरोहित उर्फ ललिया महाराज ने एक प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने कोंच नगर में अलाव की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कोंच ज्योति सिंह को एक शिकायती पत्र दिया था।
रामकिशोर पुरोहित के अनुसार, उन्होंने पत्र में उल्लेख किया था कि पूर्व में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैनों के कार्यकाल में नगर में लगभग 200 से 250 अलाव जलवाए जाते थे, जबकि वर्तमान में नगर में केवल करीब 30 अलाव ही जल रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि इसी शिकायत के आधार पर नगर पालिका की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर पूर्व में जलवाए गए अलावों की सूची मांगी गई है। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल तुलनात्मक जानकारी दी थी, न कि यह बताया था कि अलाव किस सभासद या तत्कालीन अध्यक्ष द्वारा जलवाए गए थे। ऐसी विस्तृत जानकारी उनके पास उपलब्ध नहीं है।
रामकिशोर पुरोहित ने कहा कि वह नोटिस का जवाब नियमानुसार देंगे और अलाव की संख्या बढ़ाने की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ा विषय है। उन्होंने इसे जनता की आवाज उठाने का प्रयास बताया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोंच नगर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी , एडवोकेट अनिल पटेरिया पूर्व सभासद सहित नगर के कई वरिष्ठ लोग उपस्थित रहे।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲7007725321

Jhansidarshan.in