एससी/एसटी रेल कर्मचारी एसोसिएशन के साथ अनौपचारिक बैठक आयोजित
झांसी मंडल में वर्ष 2025 के अंतर्गत एससी/एसटी रेल कर्मचारी एसोसिएशन के साथ एक अनौपचारिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सत्यपाल, मंडल सचिव श्री वीरेन्द्र कुमार अहिरवार सहित समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भी मौजूद थे।
मंडल रेल प्रबंधक ने अपने उद्बोधन में कहा कि झांसी मंडल में कार्यरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। पदोन्नतियों में रोस्टर के अनुसार आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है तथा समयबद्ध पदोन्नति प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयास किए जाते हैं। साथ ही एससी/एसटी कर्मचारियों के हितों से संबंधित सुविधाओं एवं कल्याणकारी गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु मंडल में आरपी सेल का गठन किया गया है तथा लायजन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो पदोन्नति में रोस्टर के पालन पर विशेष ध्यान रखते हैं।
मंडल रेल प्रबंधक (कार्मिक) द्वारा अवगत कराया गया कि एससी/एसटी एसोसिएशन की मंडल समिति के माध्यम से प्राप्त 20 मांगों पर प्रशासन द्वारा कार्यवाही की गई है तथा अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण का भी आश्वासन दिया गया।
रेल यात्रियों की सुविधा हेतु चिरुला और सरसोकी स्टेशनों पर ट्रेनों का नया ठहराव
उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और स्थानीय मांग को ध्यान में रखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा एक्सप्रेस और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -कानपुर मेमू ट्रेन के ठहराव में विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। यह नया ठहराव 01 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।
ठहराव का विवरण निम्नलिखित है:
1. चिरुला (CIRL) स्टेशन पर ठहराव:
गाड़ी संख्या 11901/11902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा- वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एक्सप्रेस अब चिरुला स्टेशन पर भी रुकेगी।
गाड़ी संख्या 11901 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -आगरा): चिरुला स्टेशन पर पहुंचने का समय शाम 16:23 बजे और प्रस्थान 16:24 बजे होगा।
गाड़ी संख्या 11902 (आगरा- वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी): चिरुला स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 11:11 बजे और प्रस्थान 11:12 बजे होगा।
2. सरसोकी (SSKI) स्टेशन पर ठहराव:
गाड़ी संख्या 64607/64608 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -कानपुर- वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी मेमू अब सरसोकी स्टेशन पर भी रुकेगी।
गाड़ी संख्या 64607 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी -कानपुर): सरसोकी स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 11:11 बजे और प्रस्थान 11:12 बजे होगा।
गाड़ी संख्या 64608 (कानपुर- वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी): सरसोकी स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 11:34 बजे और प्रस्थान 11:35 बजे होगा।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर मरम्मत कार्य के कारण विशेष ट्रेनें रद्द
रेल प्रशासन द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस यार्ड में वाशिंग पिट लाइन संख्या-3 के मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इस आवश्यक रखरखाव कार्य के कारण, निम्न ट्रेनों को जनवरी 2026 में रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
इस निर्णय के तहत, गाड़ी संख्या 04115 (सूबेदारगंज- लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल) दिनांक 01, 08, 15, 22 और 29 जनवरी 2026 को अपने प्रस्थान स्टेशन से रद्द रहेगी। इसी प्रकार, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04116 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस -सूबेदारगंज साप्ताहिक स्पेशल) दिनांक 02, 09, 16, 23 और 30 जनवरी 2026 को रद्द रहेगी। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना इन तिथियों को ध्यान में रखते हुए बनाएं।