• Fri. Jan 30th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*रामराजा गार्डन कोछभांवर झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 240 जोड़े  (209 हिंदू एवं 31 मुस्लिम) बंधे दाम्पत्य सूत्र में*

ByNeeraj sahu

Nov 5, 2025
*रामराजा गार्डन कोछभांवर झांसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 240 जोड़े  (209 हिंदू एवं 31 मुस्लिम) बंधे दाम्पत्य सूत्र में*
——————-
        झांसी : समाज कल्याण विभाग झांसी द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत “मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम” मा0 सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन के मुख्य आतिथ्य में रामराजा गार्डन कोछभांवर झांसी में कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
         इस दौरान मा0 सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन ने अपने सम्बोधन में कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शुमार सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं निराश्रित महिलाओं के विवाह की समस्याओं का निराकरण किया है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत उन सभी 240 नवयुगल जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी ने इस आयोजन का प्रतिभागी बन दहेज प्रथा जैसी एक बड़ी कुरीति को तोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने सामूहिक विवाह में उपस्थित समस्त जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम हमारे लिए एक उत्सव की भांति है और यह उत्सव दो परिवारों को अटूट बंधन में बंधने के साथ ही नये रिश्तों को जन्म देता है, इसी उत्सव को मनाने के लिए हम सभी यहां उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब के घर जब बेटी जन्म लेती है तो उनको यह चिंता होती है कि अपनी बेटी का विवाह कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि निराश्रित और गरीब की बेटियों की शादी की समस्या को दूर करने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन किया गया है।
         मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा नव युगल वर-वधुओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गये। इस समारोह में 240 जोड़े (209 हिंदू एवं 31 मुस्लिम जोड़े) दाम्पत्य सूत्र में बंधे।
        कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव द्वारा मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव द्वारा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
          इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा श्री कपिल बिरसैनिया, सदस्य राज्य सलाहकार समिति श्री संतराम पेंटर, मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण व भारी संख्या में नवयुगल वर वधु एवं उनके परिजन मौजूद  रहे।
Jhansidarshan.in