*अराजक तत्वों ने शिव मंदिर को क्षतिग्रस्त किया, शिवलिंग उखाड़ी — श्रद्धालुओं में रोष*
*आखिर क्यों अराजक तत्वों ने शिवलिंग उखाड़कर किया आस्था का अपमान, ग्रामीणों में आक्रोश*
*सौ साल पुराने शिव मंदिर में तोड़फोड़, पुलिस जांच में जुटी*
*मंदिर में तोड़फोड़ से सेई मोजा में तनाव, स्थानीय पुलिस मौके पर*
जालौन (एट) धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाला मामला एट क्षेत्र के सेई मोजा गांव से सामने आया है, जहां अराजक तत्वों ने एक प्राचीन शिव मंदिर को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन शिवलिंग को उखाड़कर गहरा गड्ढा कर दिया गया। आज सुबह जब ग्रामीणों ने यह दृश्य देखा तो पूरे इलाके में आक्रोश और आस्था दोनों का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सेई मोजा में किसान मनीराम पांचाल के खेतों के पास बने करीब 100 साल पुराने प्राचीन भगवान शंकर के मंदिर में कुछ अज्ञात अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की। आज सुबह जब मनीराम अपने खेतों में फसल देखने पहुंचे, तो मंदिर की हालत देखकर सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया और लोगों में गहरा रोष व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के बगल में एक पुराना कुआं भी मौजूद है, जहां लगभग दो महीने पहले भी अज्ञात लोगों द्वारा संदिग्ध खुदाई की गई थी। इससे लोगों में यह शक गहरा हो गया है कि यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है।
सूचना मिलते ही एट पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई सुमित कुमार पांडे व एसआई कौशलेंद्र सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
*क्षेत्राधिकारी कोंच का बयान*
क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया
> “प्राचीन शिव मंदिर एकांत खेत में बना हुआ है। सूचना के आधार पर इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया चारों तरफ पानी भरा है, मामला कुछ दिन पहले का बताया जा रहा आज लोगों ने जाकर देखा तो पुलिस को सूचना दी गई हैं। खेत पर शिव मंदिर परिसर में खुदाई के निशान मिले हैं। पूरे मामले की जानकारी कराई जा रही है, अराजक तत्वों दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
*एट थाना प्रभारी का बयान*
थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडे ने बताया कि,
> “मंदिर एकांत खेत में बना हुआ है। सूचना के आधार पर जांच की जा रही है। मंदिर परिसर में खुदाई के निशान मिले हैं। मामले की पूरी जानकारी कराई जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं, ग्रामीणों ने मांग की है कि इस धार्मिक स्थल की सुरक्षा और पहचान को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन तत्काल कदम उठाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।