• Sun. Oct 19th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

रेल समाचार विभिन्न, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान: भारतीय रेल में मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण पर जागरूकता शिविर का आयोजन

ByNeeraj sahu

Sep 24, 2025
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान: भारतीय रेल में मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण पर जागरूकता शिविर का आयोजन

‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के तहत भारतीय रेल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में, आज मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा व अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा (गायनिक) डॉ. सुनीता तिर्की ने महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखना, उचित पोषण लेना और सुरक्षित साधनों जैसे सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करना महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

डॉ. तिर्की ने माहवारी के समय ऊर्जा बनाए रखने के लिए संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी। इस अवसर पर डॉ. शेख सुबहानि, श्रीमती बीना रावत, और श्रीमती संतोषी सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह शिविर महिलाओं और किशोरियों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

(2)
बदलते वैश्विक पर्यावरण पर रेल कर्मियों ने रखे अपने विचार

झाँसी मंडल पर राजभाषा पखवाड़ा–2025 के अंतर्गत वाक प्रतियोगिता का सफल आयोजन

झांसी, 23.09.2025। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल नेतृत्व एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) तथा अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रेम प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन तथा राजभाषा अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में झाँसी मंडल पर राजभाषा पखवाड़ा–2025 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रोत्साहन एवं कार्य संस्कृति में इसके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देना है।

आज दिनांक 23.09.2025 को मंडल कार्यालय के कार्मिक विभाग सभा कक्ष में भी दो महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रथम शिफ्ट में हिंदी वाक प्रतियोगिता संपन्न हुई, जिसमें 16 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय, “विश्व का बदलता पर्यावरण, कारण एवं निवारण” था। वहीं द्वितीय शिफ्ट में राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 26 कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता कर अपने ज्ञान एवं अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि, 14 सितम्बर से मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उरई, ग्वालियर एवं ललितपुर स्टेशनों पर राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, तर्कशक्ति एवं हिंदी अभिव्यक्ति क्षमता का शानदार परिचय दिया। इससे कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रति आत्मीयता, उत्साह एवं कार्यक्षेत्र में इसके उपयोग की भावना और प्रबल हुई। निर्णायक मंडल में श्री जी.आर. राजपूत, डीएसटी (निर्माण) एवं राजभाषा अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता आयोजन में श्री श्रीकांत शर्मा, वरिष्ठ अनुवादक एवं श्री राजेश कुमार त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक, राजभाषा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(3)
रेल कर्मचारियों हेतु यू.पी.एस. तथा एस.बी.आई रेलवे सैलरी पैकेज के लाभों के विषय में आयोजित जागरूकता शिविर तथा सहायता केन्द्र

रेल कर्मचारियों को यूनीफाइड पेंशन स्कीम (यू.पी.एस.) के प्रावधानों, गारन्टीड पेंशन, न्यूनतम मासिक पेंशन रू. 10000/-, विकल्प बदलने की प्रक्रिया सहित विकल्प चुनने की अन्तिम तिथि 30.09.2025 के विषय में जागरूक करने तथा तकनीकी समस्याओं के चलते ऑफलाइन आवेदन प्रेषित करने हेतु मण्डल रेल प्रबन्धक झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी झाँसी श्री राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में समग्र झाँसी मण्डल के चलाये जा रहे जागरूकता शिविर व सहायता केन्द्र के क्रम में आज दिनाँक 23.09.2025 को डीजल लोको शेड, झाँसी , संयुक्त क्रू लॉबी, झाँसी तथा बांदा व खजुराहो रेलवे स्टेशन पर जागरूकता शिविर आयोजित किये गये जिसमें लगभग 266 रेल कर्मचारियों को एकीकृत पेंशन योजना (यू.पी.एस.) के विषय में जागरूक कर उनको यू.पी.एस. फॉर्म वितरित किये गये।
साथ ही एस.बी.आई रेलवे सैलरी पैकेज खाते के रियायती लॉकर किराया, उन्नत बीमा कवर, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं और अतिरिक्त मानार्थ सेवाएं के बारे में कर्मचारियों को जागरूक करने हेतु संयुक्त क्रू लॉबी, झाँसी तथा बांदा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कैम्प में लगभग 120 रेल कर्मचारियों को अवगत कराया गया तथा 26 कर्मचारियों के खातों को उनकी सहमति पर तुरन्त ही रेलवे सैलरी पैकेज में परिवर्तित किया गया तथा मौके पर ही त्वरित 09 नये आर.एस.पी. खाते खोले गये।

(4)
स्वच्छता ही सेवा–2025 के अंतर्गत झाँसी मंडल पर जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वच्छता रैली का आयोजन

झांसी, 23.09.2025। स्वच्छता ही सेवा–2025 “स्वच्छोत्सव” अभियान के अंतर्गत आज झाँसी मंडल पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

आज दिनांक 23.09.2025 को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, उरई, खजुराहो आदि स्टेशन परिसर में संचालित सभी स्टॉल एवं वेंडर्स को जागरूक करते हुए यह समझाया गया कि वे पर्यावरण संरक्षण के हित में प्लास्टिक के स्थान पर कागज की थैलियों का प्रयोग करें तथा ग्राहकों को स्टेशन पर बेची जाने वाली सामग्री केवल कागज की थैलियों में ही उपलब्ध कराएँ। यह पहल यात्रियों एवं आमजन को प्लास्टिक मुक्त वातावरण की दिशा में प्रेरित करेगी।

इसी क्रम में स्वच्छोत्सव अभियान के तहत डबरा स्टेशन तथा डीजल लोको शेड पर स्वच्छता रैली का भी आयोजन किया गया। इस रैली में रेलवे कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने सक्रिय भागीदारी कर स्वच्छता के महत्व और जन-जागरूकता का संदेश दिया।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल स्टेशन एवं कार्यस्थलों को स्वच्छ रखना है, बल्कि यात्रियों एवं विक्रेताओं को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

 
(5)
ओरछा को मिला नया उपमार्ग, रोज़ 1500 वाहनों को राहत

झाँसी, 23.09.2025। शारदीय नवरात्रि पर झाँसी रेल मंडल ने ओरछा निवासियों और श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है। ओरछा में निर्मित सीमित ऊँचाई उपमार्ग (Limited Height Subway – LHS-371) मंगलवार को दोपहर 2 बजे से आमजन के लिए खोल दिया गया।

करीब 5.70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह उपमार्ग 200 मीटर लंबा और 7 मीटर चौड़ा है। इसमें 6.0 मीटर × 2.75 मीटर के ब्रिज सेगमेंट तथा 28 मीटर की बैरल लंबाई शामिल है। इस परियोजना से प्रतिदिन लगभग 1500 वाहनों को सुरक्षित, निर्बाध और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों को अब दो वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे, जिससे सड़क यातायात पर दबाव कम होगा और समय की बचत होगी। नवरात्रि के दौरान श्रीरामराजा सरकार के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह सुविधा विशेष राहत साबित होगी। यह उपमार्ग न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Jhansidarshan.in