मंडल रेल प्रबंधक ने किया ओरछा स्टेशन का निरीक्षण
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ओरछा स्टेशन का किया गया पुनर्विकास
ओरछा स्टेशन के पास बन रहे नए अंडर ब्रिज का भी लिया जायजा
आज दिनांक 17.05.2025 को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए ओरछा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, जलपान गृह, शौचालय, टिकट काउंटर, वेटिंग एरिया का मुआयना किया। सिन्हा ने स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और सफाई व्यवस्था को संतोषजनक पाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत ओरछा स्टेशन का कायाकल्प करते हुए इसे यात्रियों के लिए सुविधाजनक, आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाया गया है। स्टेशन के प्रवेश द्वार को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है तथा नवीन फसाड लाइटिंग से इसकी शोभा बढ़ाई गई है। वेटिंग हॉल तथा एग्जीक्यूटिव लाउंज को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए उन्नयन किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया में साइनेज लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को मार्गदर्शन में आसानी हो।
स्टेशन की साज-सज्जा में स्थानीय कला और सांस्कृतिक पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। स्टेशन के सामने एक आकर्षक उद्यान (गार्डन) विकसित किया गया है और सुंदर फव्वारा लगाया गया है। इस उद्यान में रामराजा सरकार और हनुमान जी की भव्य प्रतिमा द्वारा ओरछा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है l बाउंड्री वॉल पर चितेरी कला के माध्यम से रामायण को दर्शाया गया है। दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु विशेष शौचालय, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा रैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन परिसर में नि:शुल्क वाई-फाई की सुविधा भी प्रदान की गई है।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा ओरछा स्टेशन के पास बन रहे अतिरिक्त रेलवे अंडर ब्रिज का निरीक्षण किया गया। सिन्हा द्वारा चल रहे कार्य को गहनता से परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया के निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखें। सभी सुरक्षा और संरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करें। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य नितिन गुप्ता,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/मध्य कपिल गोयल,वरिष्ठ मंडल संरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण) मयंक शांडिल्य, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक / गति शक्ति राजेश्वर कुशवाहा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे. संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
(2)
झांसी मंडल में ऑपरेशन सिन्दूर के वीर जवानों को समर्पित भारतीय रेलवे की अनूठी पहल
देश की रक्षा में अपने अदम्य साहस, बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले भारतीय सेना के जवानों के सम्मान में झाँसी मंडल ने एक अभिनव और प्रेरणादायक पहल की है।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन स्टेशन पर ऑपरेशन सिन्दूर के अंतर्गत सेवा देने वाले सैनिकों के सम्मान में प्लेटफॉर्म की बेंचों को भारतीय सेना के विशिष्ट रंगों में सजाया गया है। इस पहल का उद्देश्य सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और समाज में देशभक्ति की भावना को और प्रबल बनाना है।
यह सौंदर्यात्मक नवाचार न केवल यात्रियों को एक विशेष अनुभव प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें यह स्मरण भी कराएगा कि हमारी शांति, सुरक्षा और स्वतंत्रता हमारे वीर सैनिकों के त्याग की देन है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह पहल देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, जो युवाओं को प्रेरित करेगी और राष्ट्र सेवा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देगी।