पुलिस को समर्पित कार्यक्रम एक शाम खाकी के नाम का हुआ भव्य आयोजन
समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा डॉ० संदीप को किया गया सम्मानित
झाँसी। एसआर ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन एवं नाहर इंटरटेनमेंट के संयुक्त तत्वाधान में झांसी दुर्ग के समीप स्थित दीनदयाल सभागार में पुलिस को समर्पित कार्यक्रम “एक शाम खाकी के नाम” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के प्रेरणा स्रोत पंडित दीपेंद्र अड़जरिया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपमहानिरीक्षक झाँसी परिक्षेत्र केशव कुमार चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह एवं संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ० संदीप सरावगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के साथ डीवाईओ विशाल सिंह, एसआरजीआई के एमडी अभिनव राय, वीसी नीरज अत्री द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में बुंदेली रॉकस्टार कविता शर्मा, वरिष्ठ बुंदेली गायिका अनीता सक्सेना, बुंदेली ओज कवि पंकज पंडित, क्लासिकल डांसर नैना, मैजिशियन फारूक जादूगर, बॉलीवुड गायक परफॉर्मर कामिनी ठाकुर, बॉलीवुड गायक रवि शेखर, बॉलीवुड गायक भैरवी पाटिल, इंडियन आईडल फेम राहुल जोशी, वायलिन प्लेयर बिट्टू निलेश टिकरिया, बांसुरी वादक विक्रम कनेरिया, देव कनेरिया द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार प्रस्तुतिकरण हुआ जिसकी कार्यक्रम में उपस्थित सभी दर्शकों ने करतल ध्वनि के साथ सराहना की। आगे के क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक झाँसी परिक्षेत्र केशव कुमार चौधरी द्वारा समाजसेवी डॉ० संदीप सरावगी को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम झाँसी पुलिस द्वारा कोरोना महामारी के समय किए गए सराहनीय कार्य एवं सामाजिक सुरक्षा के उपलक्ष्य में पुलिस को समर्पित था। इस आयोजन में पुलिस का सम्मान, प्रोत्साहन एवं मनोरंजन करने के साथ पुलिस में कार्यरत खिलाड़ियों एवं पुलिस परिवार की मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच एक मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करना था। इस अवसर पर डॉ० संदीप ने कहा जिस तरह देश की सीमा पर सुरक्षा के लिए सेना कार्य करती है उसी तरह आंतरिक सुरक्षा का कार्य पुलिस का होता है। देश पर तैनात दुश्मन तो प्रत्यक्ष दिखाई देते हैं लेकिन देश के अंदर आमजन की शक्ल में छिपे मुजरिमों को पहचानना आसान कार्य नहीं होता। पुलिस अपनी जान दांव पर लगाकर हमारी सुरक्षा करती है कई बार अपनी जान भी गंवानी पड़ती है लेकिन हमारी पुलिस अपने साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर अगली सुबह पुनः समाज की सुरक्षा में जुट जाती है। पुलिस शब्द एक समूह वाचक संज्ञा है इसीलिए कुछ एक लोगों के अनैतिक कार्यों के कारण सभी को बदनाम होना पड़ता है लेकिन वास्तव में आज भी हमारी पुलिस पूर्ण तत्परता एवं मनोयोग से कार्य करती है जिस कारण हम स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसमें हमारी प्रदेश सरकार का भी अहम योगदान है जिन्होंने हमारी पुलिस को बिना दबाव के कार्य करने की स्वीकृति दे रखी है। कार्यक्रम का संचालन बुंदेली कलाकार बेबी इमरान ने किया। इस कार्यक्रम के प्रोडक्शन पार्टनर ईएम एंटरटेनमेंट के विवेक गोस्वामी, डिजिटल एंड स्ट्रीमिंग पार्टनर वशिष्ठ राज करोसिया, ग्राफिक पार्टनर ए एण्ड एम से अमित व म्यूजिकल पार्टनर नीरज म्यूजिकल इवेंट्स रहे।