आज बिमल कुमार दुबे, आयुक्त/अध्यक्ष, झांसी विकास प्राधिकरण की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में प्राधिकरण की 88वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई।
सर्वप्रथम पूर्व बैठक दिनांक 22.08.2024 का अनुपालन पढ़ा गया एवं पुष्टि की गयी।
बैठक में मा० मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण / नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत राजस्व ग्राम रूंदकरारी में 284 कास्तकारों की 264.780 हे० भूमि क्रय किये जाने का अनुमोदन मा० बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से प्रदान किया गया, जिसमें रू 210.00 करोड़ का व्ययभार आयेगा।
शासन द्वारा जारी भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 (यथा संशोधित-2023) के अध्याय-8 के प्रस्तर 8.4(V) तथा 8.4(VI) में किये गये संशोधन को “मा० बोर्ड द्वारा अंगीकृत किया गया, जिसमें पेट्रोल पम्प/फिलिंग स्टेशन हेतु भूखण्ड का आकार 20 मी. x 20मी. होने की स्थिति में प्रवेश करने एवं बाहर निकलने के मार्गों की न्यूनतम चौड़ाई 7.50 मीटर होगी एवं बफर स्ट्रिप की लम्बाई न्यूनतम 5.0 मीटर होगी जो न्यूनतम 3.0 मीटर चौड़ी होगी।
शासन द्वारा जारी उ०प्र० एनर्जी कन्जर्वेशन बिल्डिंग कोड की अधिसूचना को “मा० बोर्ड द्वारा अंगीकृत किया गया, जिसमें आवासीय भवनों को छोड़कर अन्य भवनों की छतों पर विद्युत उत्पादन हेतु भवन की पीक विद्युत मांग का 1 प्रतिशत क्षमता अथवा छत क्षेत्रफल के 25 प्रतिशत क्षेत्रफल, जो भी कम हो पर रिन्यूवेबल इनर्जी जेनरेशन जोन / सोलर पावर प्लाण्ट की स्थापना किया जाना अनिवार्य है, इसके अतिरिक्त संयोजित विद्युत अधिभार 100 कि.वा. या उससे अधिक हो, अथवा कान्ट्रेक्ट डिमाण्ड 120 के.वी.ए. या उससे अधिक हो, अथवा भवन का भूखण्ड क्षेत्रफल 1000 वर्ग मी० से अधिक जिसके साथ निर्मित क्षेत्रफल न्यूनतम 2000 वर्ग मी० (तलघर छोड़कर) हो पर यह कोड लागू होगा। निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से प्राप्त 02 मानचित्रों की स्वीकृति मा० बोर्ड द्वारा विशेष अनुमति से प्रदान की गयी।
मा० बोर्ड द्वारा झांसी महायोजना 2031 (पुनरीक्षित) में नगर पार्क की भूमि को आवासीय किये जाने के सम्बन्ध में प्राधिकरण द्वारा तैयार कराये गये इन्वायरमेंटल मिटिगेशन प्लान की सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान की गयी एवं निर्देशित किया गया कि झांसी महायोजना 2031 शासन को स्वीकृति हेतु प्रेषित की जाये।
बैठक में अविनाश कुमार जिलाधिकारी झांसी, आलोक यादव उपाध्यक्ष, झॉ.वि.प्रा., सत्यप्रकाश नगर आयुक्त नगर निगम, झांसी, श्रीमती उपमा पाण्डेय सचिव, झॉ.वि.प्रा., संजीव श्रृंगीऋषि, सुबोध गुबरेले, अधीक्षण अभियन्ता पी.डब्ल्यू.डी., अधिशासी अभियन्ता जल निगम (नगरीय), सहयुक्त नियोजक, सम्भागीय नियोजन खण्ड झांसी, महाप्रबंधक जल संस्थान झांसी, अधिशासी अधिकारी बड़ागांव, एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।
आयुक्त सभागार में प्राधिकरण की 88वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई