ट्रेन परिचालन में संरक्षा और गतिशीलता बढ़ाने के लिए झांसी मंडल प्रयासरत
ट्रेन परिचालन में संरक्षा और गतिशीलता बढ़ाने के लिए झांसी रेल मण्डल निरंतर प्रयासरत है। 130 किमी प्रति घंटे के मुख्य मार्गों वाले उच्चतम नेटवर्क और उच्च घनत्व वाले पासिंग यातायात के दृष्टिगत मंडल में संरक्षा और गतिशीलता बनाये रखना सर्वोपरि है। सड़क उपयोगकर्ताओं की संरक्षा बढ़ाने के लिए अक्टूबर 2024 में लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 427 को बंद कर दिया गया है। अक्टूबर 2024 में 29 वैगन में ट्विन पाइप एयर ब्रेक सिस्टम लगा दिया गया है। अभी तक कुल 745 वैगन में यह सिस्टम लगाया जा चुका है।
अक्टूबर 2024 में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – मानिकपुर सेक्शन और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – धौलपुर सेक्शन के बीच 27.614 किलोमीटर ट्रांसनेट फ्राइट रेल(टी एफ आर) का कार्य संपन्न किया गया है। इसी प्रकार वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – मानिकपुर सेक्शन और बीना – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सेक्शन पर 19.9 किलोमीटर पर वेल्ड रिन्यूअल कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही 19 थिक वेब स्विच भी लगा दिया गया है। 48 ग्लूड रिप्लेसमेंट को भी बदला गया है।
कोहरे और ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुये झांसी मण्डल के विभिन्न स्टेशनों, क्रू लॉबी, यार्डों में सिग्नल पासिंग एट डैंजर (SPAD) की रोकथाम; कोहरे के मौसम में संरक्षित ट्रेन संचालन; शंटिंग ऑपरेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां; कार्यस्थलों पर कर्मियों के लिए सावधानियां और ठंड के मौसम में गश्त लगाने में सावधानियां और हाट एक्सल के मामले में की जाने वाली कार्यवाईयों आदि पर संरक्षा सेमिनार आयोजित किए गए। इन संरक्षा सेमिनारों में फ्रंट लाइन के कर्मचारियों के साथ सीधे संवाद पर बल था ताकि उन्हें संरक्षित और कुशल ट्रेन संचालन और रखरखाव गतिविधियों के लिए नवीनतम और अप टू डेट संरक्षा संबंधी निर्देशों से युक्त किया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि संरक्षा और गतिशीलता को बढ़ावा देने का कार्य लगातार जारी है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बेहतर करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। सभी कार्य तेजी से जारी हैं।