• Fri. Mar 13th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

स्वस्थ्य एवं समृद्ध जीवन जीना है तो गो आधारित खेती की ओर लौटना होगा” :० श्याम जी गुप्ता

ByNeeraj sahu

Nov 16, 2024

स्वस्थ्य एवं समृद्ध जीवन जीना है तो गो आधारित खेती की ओर लौटना होगा” :० श्याम जी गुप्ता

कोंच में बोले गो सेवा आयोग के अध्यक्ष, मुख्यमंत्री निराश्रित सहभागिता योजना के तहत किसानों को दी जा रही गायें

जालौन :० कोंच में गो सेवा आयोग के अध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री श्याम बिहारी गुप्ता ‘श्याम जी’ ने कहा है कि किसान को गो आधारित खेती की ओर लौटना होगा तभी हम अपने परिवार के लोगों की थाली में जहर मुक्त भोजन दे पाएंगे। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोशालाओं में संरक्षित गायों को किसानों को देने की योजना पर सरकार आगे बढ़ रही है। गाय के भोजन के लिए पंद्रह सौ रुपए प्रति गाय के हिसाब से उक्त किसान को पैसा दिया जाएगा। कोंच की कान्हा गोशाला से चार गायें किसानों को दी गई हैं, यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा। यह बात उन्होंने कान्हा गोशाला के निरीक्षण के बाद पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम जी गुप्ता ने कोंच की कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री की निराश्रित सहभागिता योजना के तहत चार गायें किसानों को देकर योजना की औपचारिक शुरुआत की। फिलहाल, गोशाला की व्यवस्थाएं उन्हें ठीक-ठाक मिलीं। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, प्रदेश में दो करोड़ अठहत्तर लाख किसान हैं जबकि प्रदेश की गोशालाओं में करीब दो करोड़ गोवंश संरक्षित हैं। इस लिहाज से अगर एक किसान एक ही गोवंश पालने की जिम्मेदारी संभाल ले तो गायों को गोशालाओं में संरक्षित करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। इन गोवंशों को पालने के लिए सरकार पैसा भी दे रही है। इस स्थिति में किसान के लिए यह बेहद लाभकारी सौदा होगा क्योंकि जब वह गो आधारित खेती अपनाएगा तो उसके खेतों की उर्वरा शक्ति तो बढ़ेगी ही, अपने बच्चों को वह बिष मुक्त भोजन भी दे पाएगा, क्योंकि खेतों में केमीकल डाल डाल कर किसानों ने उसे जहरीला बना दिया है, जिसके कारण कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां तेजी से लोगों को घेर रहीं हैं। उन्होंने एक किसान एक गाय, गो आधारित प्राकृतिक खेती अपनाओ, स्वस्थ्य जीवन पाओ, के नारों के साथ किसानों को गाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा बुंदेलखंड को गो आधारित खेती और मिलेट्स का हब बनाया जाएगा। आने वाले दिनों में बुंदेलखंड समृद्ध क्षेत्र बनकर सारी दुनिया के लिए मॉडल बनेगा। देश में एक करोड़ किसानों के लिए गो आधारित खेती का बजट इस साल दिया गया है। इस दौरान विनोद सिंह गुर्जर, शैलेष सोनी, सुधीर सोनी, सुनील श्रीवास्तव, संजय रेजा, राजीव रेजा आदि नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कोंच नगर में जगह-जगह स्वागत हुआ गो सेवा आयोग अध्यक्ष का

कोंच में गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम जी गुप्ता का जनपद जालौन, खासतौर पर कोंच से गहरा नाता रहा है। जब वे अपने ऑफीसियल दौरे पर कोंच पहुंचे तो लोगों ने उन्हें हाथों हाथ लिया। उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, जयप्रकाश सोनी महेशपुरा वाले, विजय गुप्ता करई वाले, अभिषेक रिछारिया, राजीव रेजा आदि के आवासों पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

Jhansidarshan.in