19 नवंबर को आयोजित होंगे “वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई” की वीरता, शौर्य एवं बलिदान पर आधारित बृहद कार्यक्रम : मण्डलायुक्त
** रेडियोलॉजी लैब में डमी कस्टमर को भेजकर मानकों का परीक्षण कराएं
** मिशनशक्ति अभियान में धात्री महिलाओं, कुपोषित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का कराएं टीकाकरण
** 70 वर्ष की आयु पूर्ण महिलाओं को आयुष्मान कार्ड के लाभ से लाभान्वित कराएं
** सभी विद्यालयों में महिला अपराध एवं बाल अपराध के हेल्पलाइन नंबरों की सूची चस्पा कराएं
** प्रत्येक गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए वर्किंग शेड की स्थापना कराएं
झांसी : आज मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में मण्डल में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के संचालन की प्रगति की समीक्षा हेतु आवश्यक बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी।
बैठक में मण्डलायुक्त ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के दृष्टिगत आज यह बैठक आयोजित की गयी है। अभियान के सफल संचालन हेतु सम्बंधित विभाग अभियान से संबंधित सभी गतिविधियां शासनादेश में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित कराएं। शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति कार्यक्रम के संचालन की अवधि 03 माह है, जिसमें से 01 माह पूर्ण हो चुका है, इसलिए अवशेष 02 माह में सभी विभाग अभियान के लक्ष्य की पूर्ति अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर 2024 को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सभी विभाग बृहद कार्यक्रमों का आयोजन कराएं, जिससे समस्त नारीशक्ति को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के वीरता, शौर्य एवं बलिदान की प्रेरणादायी अनुभूति प्राप्त हो सके।
बैठक में मण्डलायुक्त द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के अन्तर्गत विभिन्न विभागों को प्रदत्त दायित्वों की दिनांक 03 अक्टूबर 2024 से वर्तमान समय की अवधि के मध्य आयोजित विभिन्न गतिविधियों की शासनादेश के अनुरुप गहनतापूर्वक समीक्षा की गयी। इसके अन्तर्गत परिवार एवं समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में अपर निदेशक स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं परिवार नियोजन के तहत महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लाभार्थी महिलाओं को योजनाओं के लाभ से लाभान्वित किया जा रहा है। इस पर मण्डलायुक्त ने सम्बन्धित को निर्देश दिये कि झांसी मंडल में स्थापित सभी रेडियोलॉजी लैब में डमी कस्टमर को भेजकर निर्धारित मानकों का परीक्षण कराएं, इसके साथ ही आगामी 01 माह अभियान चलाकर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्त धात्री महिलाओं, कुपोषित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराएं तथा 01 माह के अभियान की मासिक प्रगति को प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक प्रचार भी कराएं। झांसी मंडल में 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी वृद्ध महिलाओं को अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड के लाभ से आच्छादित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित स्वास्थ्य इकाईयों पर उपस्थित महिलाओं को बेहतर उपचार एवं टीकाकरण का लाभ प्रदान किया जाये। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाये।
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा में सम्बन्धित अधिकारी ने बताया कि अभियान के अन्तर्गत मण्डल क्षेत्र में स्थापित सभी संस्थानों में अध्ययनरत छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं स्वावलम्बन सम्बन्धी जागरुकता प्रदान की जा रही है। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिये कि बेसिक शिक्षा माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों में बाल पेंटिंग के माध्यम से महिला अपराध एवं बाल अपराध से संबंधित सभी प्रकार के हेल्पलाइन नंबरों की सूची चस्पा कराई जाए, इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग आपसी समन्वय के साथ उच्च शिक्षा के विद्यालयों में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कैंप आयोजित करें साथ ही कुछ स्तरीय विद्यालयों में स्क्रीनिंग कर कर रोगियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा हेतु आवश्यक किट भी उपलब्ध कराएं।
नगर विकास की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि नगर निगम के क्षेत्र में स्थापित सभी पिंक शौचालयों की नियमित रूप से साफ-सफाई की जाये।
ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा के अन्तर्गत मण्डलायुक्त ने निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत महिलाओं को बीसी सखी के माध्यम से विभागीय योजनाओं का लाभ दिलायें। उन्होने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए वर्किंग शेड बनवाएं, जिससे समूह की महिलाओं को अपने दायित्व की पूर्ति में सहायता हो सके।
बैठक में उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में आयोजित मिशन शक्ति अभियानों की भांति एक व्यापक कार्ययोजना तैयार कर अन्तर्विभागीय समन्यव स्थापित करते हुये शारदीय नवरात्र के अवसर पर दिनांक 03 अक्टूबर 2024 से मिशन शक्ति का 90 दिवसीय विशेष अभियान फेज-05 का शुभारम्भ किया गया है। इस कार्यक्रम केे सफल संचालन हेतु गृह विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग, युवा कल्याण विभाग, राजस्व विभाग तथा संस्कृति एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित विभागीय कार्ययोजना के अनुरुप कार्यक्रम सम्पादित किये जाने है।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त ऋषिमुनि उपाध्याय, अपर निदेशक स्वास्थ्य डाॅ0 सुमन, अपर नगर आयुक्त श्रीमती रोली गुप्ता, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण कुमार गुप्ता, सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा अरुण कुमार शुक्ल, उप निदेशक संग्रहालय डॉ0 मनोज कुमार गौतम सहित सम्बन्धित विभागों के झांसी मण्डल के तीनों जनपदों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।