जिलाधिकारी द्वारा कर करतेत्तर, मुख्य देय व विविध देय के वसूली की प्रगति बढ़ाने का दिया निर्देश
लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर ज्वाइंट कमिश्नर जीएसटी को फटकार, कार्यवाही हेतु शासन को पत्र लिखे जाने के निर्देश
अधिशाषी अभियंता विद्युत को नोटिस दिए जाने के निर्देश
जनपद में 6 माह पुरानी आरसी के विरुद्ध कुर्की/नीलामी कराए जाने के निर्देश ताकि वसूली में तेजी आए
हैसियत प्रमाण पत्र व आपदा रिपोर्ट जाॅचोपरान्त पूरी पारदर्शिता के साथ लगाये रिपोर्ट
झाँसी l जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा आज विकास भवन सभागार में कर-करेत्तर, मुख्य देय, विविध देय वसूली सहित अन्य राजस्व सम्बन्धी कार्यो के प्रगति की समीक्षा अधिकारियो के साथ बैठक कर की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजस्व अधिकारियो को स्पष्ट शब्दो में चेतावनी देते हुये कहा कि आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त प्रार्थना पत्रो को अधिकारी गम्भीरता से नही ले रहे है जिस भी स्तर पर निस्तारण के अभाव में डिफाल्टर पाया जाता है तो उसके विरूद्ध अब कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि निस्तारण मामलो की फीडबैक प्राप्त करने पर यह संज्ञान में आ रहा है कि कतिपय अधिकारी मौके पर न जाकर निस्तारण आख्या लगा दे रहे है जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट न होकर पुनः तहसील व मुख्यालय का चक्कर लगा रहा हैं। उन्होने कहा कि यह गम्भीर विषय है अतएव किसी भी मामले में शिकायतकर्ता की पूरी बात सुनते हुये मौके पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करायें।
कर करेत्तर एवं राजस्व की वसूली समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग की सबसे कम वसूली प्रगति नाराजगी व्यक्त की और ज्वाइंट कमिश्नर जीएसटी के द्वारा सही उत्तर न देने पाने पर जिलाधिकारी ने उनके विरूद्ध शो काज नोटिस जारी करने तथा पत्राचार कर शासन को अवगत कराने हेतु अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 को निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की कम वसूली पर उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को कम वसूली होने पर नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वसूली बढ़ाए जाने के लिए तत्काल ग्रामीण क्षेत्र में स्कूलवार विद्युत बिल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि सरकारी देय को जमा कराया जा सके। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों के कारण जनपद की प्रगति प्रभावित हो रही है ऐसा नहीं होना चाहिए।
भू-राजस्व की वसूली के सापेक्ष सभी तहसीलो में वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये सभी उप जिलाधिकारियो को निर्धारित मासिक वसूली के लक्ष्य को प्रत्येक माह पूरा करने का निर्देश दिया। स्टाम्प वसूली तथा वाणिज्य कर एवं परिवहन कम वसूली पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये सम्बन्धित अधिकारियो को निर्देशित किया कि अगले माह जुलाई माह के वसूली के लक्ष्य को पूरा करते हुये अगस्त माह की भी लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विविध देय की वसूली को बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने अमीनवार की वसूली की समीक्षा, सबसे कम वसूली करने वाले 03 अमीनो के विरूद्ध कार्यवाही करने की भी संस्तुति की। आर0सी0 की समीक्षा करते समय उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश देते हुए कहा की 6 माह पुरानी आरसी के विरुद्ध कुर्की और नीलामी कराए जाने की कार्यवाही की जाए ताकि राजस्व वसूली को बढ़ाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसीलो से हैसियत प्रमाण पत्र को बिना स्थलीय जाॅच किये रिपोर्ट न लगाया जाय। इसी प्रकार आपदा रिपोर्ट में पूरी पादर्शिता के साथ जाॅच कर रिपोर्ट भेजा जाय ताकि पात्र व्यक्ति को आपदा राहत मिल सकें। बैठक में खतौनियो का पुनरीक्षण, लम्बित पेशन प्रकरण, आनलाइन वरासत दर्ज, आनलाइन खसरा के फीडिंग, आयोग में लम्बित प्रकरण, कृषि भूमि आवंटन, आडिट आपत्ति, स्वामित्व योजना आदि की भी समीक्षा की गयी तथा समय से लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में ज्वाइंट कमिश्नर सान्या छाबड़ा, सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय,प्रभागीय वनाधिकारी एमपी गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए के सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अंकुर श्रीवास्तव, डीडीओ सुनील कुमार सहित समस्त उप जिला अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे ।