*तिलक नगर में चोरों ने एक घर में दिया चोरी की घटना को अंजाम, जेवरात सहित नगदी भी की पार*
By
Jun 27, 2022
*तिलक नगर में चोरों ने एक घर में दिया चोरी की घटना को अंजाम, जेवरात सहित नगदी भी की पार*
कोंच कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर में एक घर से चोरों ने रात के समय चोरी की घटना को अंजाम देते हुए घर में रखे जेवरात व नगदी पर हाँथ साफ कर दिया है। कोंच कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर में रहने वाले मनोज व्यास के यहाँ चोरों ने रात के समय चोरी की घटना को उस समय अंजाम दिया जब घर में रह रहीं सास व बहू दोनों एक कमरे में सो रहीं थीं और उनके बगल वाले कमरे में अलमारी रखी हुई थी जिसमें कोई नहीं था। बताया जा रहा है कि चोर रात में इस मकान के बगल में लगे पेड़ से ऊपर के रास्ते से घर के अंदर प्रवेश कर गए और आराम से अलमारी से तीन अंगूठी सोने की, 2 तोला का बड़ा मंगलसूत्र, डेढ़ तोला के सोने के वृजवाला, दो सोने के ओम, एक हाय सोने की, बच्चों के सोने के आभूषण, 250 ग्राम चांदी, 5 जोड़ीं तोड़ियाँ सहित घर में रखे 5 हजार रुपये ले गए हैं। सुबह जब सास बहू जागीं और यह सब देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में बहू नीलम ने चोरी की घटना की जानकारी बाहर रह रहे अपने पति मनोज व्यास व मोहल्ले के लोगों को दी व पुलिस को भी सूचना दी। घटना को लेकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घर के लोगों व मोहल्ले के लोगों से पूंछतांछ की। वहीं गृह स्वामी जो बाहर बैंक में सर्विस करता है वह भी घर आ गया और पुलिस से चोरों का पता लगाने की गुहार लगाई है। समाचार लिखे जाने तक गृह स्वामी के द्वारा पुलिस को प्राथमिकी नहीं दी गयी है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र में चोर मचाये हैं शोर
फिलहाल कोंच कोतवाली क्षेत्र की अगर बात की जाए तो इस समय यहां चोरों को बिल्कुल पुलिस का भय नहीं है। मोटरसाइकिल चोर से लेकर भैंस चोर, घर में घुसकर सामान चुराने वाले चोर सभी सक्रिय है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से पुलिस के रात्रि गश्त की भी पोल खुलती नजर आ रही है आखिर चोर रात में कैसे घूमकर चोरी की घटना को अंजाम दे देते हैं ? और पुलिस को चोर दिखते भी नहीं है, यह सवाल आम जनमानस में खूब कौंद रहा है। अब तक नगर में दर्जनों चोरी की घटनाओं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस चोरों का पता लगाने में फिसड्डी साबित हो रही है।