मां ने बहू पर लगाया बेटे को मार डालने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
कोंच(जालौन):बीते शुक्रवार को नाले में मिले हलवाई के शव के मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब मृतक की मां ने अपनी बहू पर बेटे को मार डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। शनिवार की देर शाम कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए छोटी पत्नी श्यामू कुशवाहा निवासी भगतसिंह नगर कोंच ने बताया कि वह अपने नाती की शादी में ललितपुर अपने बड़े बेटे के पास गई थी। 6 जुलाई को शादी थी और वह 2 जुलाई को ही चली गई थी। शुक्रवार को उसे सुबह फोन पर जानकारी मिली कि उसके छोटे बेटे अनिल कुशवाहा का शव नाले में मिला है। जब वह वापस लौट कर आई तो बहू ने व उसके मायके बालों ने शव का पोस्टमार्टम होने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया था। उन लोगों ने उसका इतना भी इंतजार नहीं किया कि वह अपने मृतक बेटे का शव भी देख पाती। छोटी का आरोप है कि बहू का चालचलन ठीक नहीं है, उसने ही उसके बेटे की हत्या कर शव को फेंक दिया है। वहीं तहरीर मिलने के बाद पुलिस अब नए सिरे से मामले की जांच में जुट गई है।