• Mon. Mar 16th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*सामाजिक समस्याओं का चित्रण करने बाली फिल्मों का निर्माण हो- राजा बुंदेला*

सामाजिक समस्याओं का चित्रण करने बाली फिल्मों का निर्माण हो- राजा बुंदेला

कोंच इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का हुआ शुभारम्भ

कोंच:-बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष सुप्रसिद्ध सिने स्टार राजा बुंदेला ने सोमवार को कोंच इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के शुभारंभ अवसर पर वर्चुअल संबोधन में कहा कि मुंबई की चकाचौंध से दूर ऐसी फिल्मों का निर्माण करें जिसमें सामाजिक समरसता हो, सामाजिक समस्याओं का चित्रण हो। यह बात उन्होंने फेस्टिवल के शुभारंभ सत्र पर बतौर मुख्य अतिथि कही।
पृथक बुंदेलखंड राज्य के अगुवाकार राजा बुंदेला ने कहा कि एक अकेला आदमी रेस को नहीं जीत सकता, सिनेमा में टीम वर्क जरूरी है, बुंदेलखंड को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिद्वंद्विता खत्म कर एक जुट होना चाहिए। उनके संबोधन में पृथक राज्य का दर्द भी साफ झलका, कहा कि अपनी भाषा को बढ़ावा देना है तो अपना राज्य होना जरूरी है। अपना स्वराज्य होगा तो अपना राज होगा। बंगालियों का बंगाल है, पंजाबियों का पंजाब है, तो बुंदेलखंडियों का भी बुंदेलखंड होना चाहिए।
इससे पूर्व फेस्टिवल के शुभारंभ सत्र में नगर की समाजसेविका शिक्षाविद डॉ. हिना आसिफ ने अग्नि मंत्र पढ़कर शुभारंभ किया। वहीं लगभग आधा दर्जन से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके अभिनेता रूबल जैन ने शिव स्तुति की। फेस्टिवल में विभिन्न शहरों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। फेस्टिवल की पूर्व संध्या पर कोंच फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक/संयोजक पारसमणि अग्रवाल ने एक दिया फेस्टिवल के नाम जला कर प्रतिभाओं का उत्साहबर्द्धन करने का आह्वान किया था जिस पर सैकड़ों लोगों द्वारा एक एक दीपक प्रज्ज्वलित किया गया। पारस के इस आह्वान को ग्लैमर और सिनेमा जगत की हस्तियों ने भी तरजीह देकर दीप प्रज्ज्वलित किए। पारस ने बताया कि यह फेस्टिवल 10 दिवसीय है इसमें विभिन्न लोक संस्कृतियों और लोक कलाओं का भी समावेश देखने को मिलेगा।

Jhansidarshan.in