सीवर समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता से मिले भाजपा नगर अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष
कोंच नगर की सबसे गंभीर समस्या सीवर समस्या है। जिसके निस्तारण के लिए भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया व भाजपा नगर कोषाध्यक्ष प्रभंजन गर्ग एडवोकेट ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव से उरई में मुलाकात की और उनसे विंदुवार प्रभावी वार्ता कर सीवर कुआं एवं सीवर चैंबरों की सफाई अविलंब कराए जाने के लिए कहा। साथ ही यह भी आग्रह किया कि सीवर सफाई के लिए कार्य में निपुण बनारस की कार्यदायी संस्था से संपर्क कर अनुबंध किया जाए। अधिशासी अभियंता ने उनके आग्रह पर तुरंत बनारस की संबंधित संस्था से फोन पर प्रभावी वार्ता की और शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया में सम्मिलित होने का संस्था प्रमुख से आग्रह किया। संस्था प्रमुख ने भी जल्द ही कोंच आकर टेंडर प्रक्रिया में सम्मिलित होकर कार्य करने पर सहमति प्रदान की। भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया ने बताया कि उनकी बातचीत सार्थक रही, जल्दी ही कौंचवासियों को सीवर समस्या से निजात मिल जाएगी।