जनसुविधा केन्द्र पर वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन का पैसा लेने पर होगी कार्यवाही, लाइसेंस किया जायेगा निरस्त
जनसुविधा केन्द्र पर प्रतिदिन 10 रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य, कम होने पर होगी कार्यवाही
सेवा प्रदाता अक्रियाशील केंद्रो को एक्टिव कराये अन्यथा कार्यवाही की जायेगी
सीएचसी पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश ताकि अधिक से अधिक लोग वैक्सीन हेतु पंजीकरण कराये
सीएचसी संचालकों का होगा पं0दीनदयाल उपाध्याय में वृहद प्रशिक्षण, रजिस्ट्रेशन करने की दी जायेगी जानकारी
झांसी: जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने विकास भवन सभागार में जनपद में कोविड-19 महामारी के बचाव हेतु वैक्सीनेशन में तेजी लाये जाने के मद्देनजर सभी जनसुविधा केन्द्र के संचालकों की बैठक लेते हुये निर्देश दिये कि सभी जनसुविधा केन्द्र संचालक अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हेतु रजिस्ट्रेशन करायें। रजिस्ट्रेशन निःशुल्क किया जाना है, यदि पैसे लेने की शिकायत प्राप्त होगी तो सख्त कार्यवाही की जायेगी।
जिलाधिकारी ने संचालित जनसुविधा केन्द्रों के सेवा प्रदाता संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिये कि जनपद में अक्रियाशील सेन्टर को जल्द से जल्द क्रियाशील करें अन्यथा कार्यवाही की जायेगी। भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रदेश में प्रतिदिन अधिक से अधिक वैक्सीनेशन कराया जाये, यह तभी सम्भव होगा जब हमारे सभी जन सुविधा केन्द्र प्रापर संचालित होंगे और दूरदराज क्षेत्र के लोग वही अपना पंजीकरण करा सकेंगे। उन्होने कहा कि प्रत्येक सेन्टर को प्रतिदिन 10 लोगों का रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है, यदि इससे कम होता है तो कार्यवाही की जायेगी।
जनपद में कुल 1358 जन सुविधा केन्द्र है, परन्तु 723 जन सुविधा केन्द्र ही पूरी तरह क्रियाशील है। उन्होने कहा कि उक्त केन्द्रों को जल्द सक्रिय किया जाये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि समस्त संचालकों को दिनांक 19 जून 2021 को पं0दीनदयाल उपाध्याय सभागार में प्रशिक्षण दिया जाये। प्रशिक्षण दो पालियों में हो ताकि सभी शामिल हो सके। उन्होने कहा कि कोविड-19 महामारी बचाव हेतु कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जाना है। प्रशिक्षण में सभी बारीकियों को बताया जाये ताकि रजिस्ट्रेशन करने में असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने समस्त उपस्थित जन सुविधा केंद्र संचालकों सहित ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव को निर्देश दिये कि ग्राम के परिवार रजिस्टर की मदद लेते हुये परिवार के सदस्यों का वैक्सीनेशन हुआ अथवा नही, की जानकारी लें और उनका प्राथमिकता से रजिस्ट्रेशन कराया जाना सुनिश्चित कराएं। उन्होने कहा कि सभी अपने केन्द्रों पर वैक्सीनेशन पंजीकरण का प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोग वैक्सीन लगवाने हेतु अपना पंजीकरण कराये। ग्रामीण क्षेत्र में यदि कोई वैक्सीन नही लगवा रहा या अफवाह फैलाकर दूसरों को वैक्सीन लगवाने की बात कह रहा है तो उसकी जानकारी तत्काल आईसीसीसी के 0510 – 2370621,2370622,2370623 नंबरों पर दें ताकि टीम द्वारा क्षेत्र में जागरुकता अभियान चलाया जा सके और शंकाओं का समाधान किया जा सके।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, सीएमओ डा जीके निगम, एडीएम संजय कुमार पाण्डेय,एसीएम न्याय अतुल कुमार, डीआईओ एनआईसी आसिफ खान, एडीआईओ शक्ति अग्रवाल, ई-मैनेजर आकाश रंजन सहित सेवा प्रदाता व जनसुविधा केन्द्र संचालक उपस्थित रहे ।