• Wed. Feb 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

देश व प्रदेश की जीडीपी में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान,उत्पादन आयुक्तआलोक सिन्हा

By

Jun 8, 2021

देश व प्रदेश की जीडीपी में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान

** गेहूं क्रय का कोई लक्ष्य नही, जब तक केन्द्र पर गेहूं आयेगा खरीदा जायेगा

** खेत तालाब योजनान्तर्गत खेत तालाब का कार्य माह जून तक पूर्ण करने के निर्देश

** विरासत प्रकरण में मृतक को हटाकर परिवार के सदस्य का नाम दर्ज करायें

** पराली प्रबन्धन पर फोकस किये जाने के निर्देश, पराली न जलाएं

** उर्वरक विक्रेता पोश मशीन के माध्यम से ही उर्वरक बिक्री करें

** विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ ले सकें

** जिलों में माॅडल काॅऊ सेन्टर बनाये जाने पर जोर

झांसी: आज वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से कृषि उत्पादन आयुक्तआलोक सिन्हा की अध्यक्षता में प्रयागराज, मिर्जापुर, झांसी एवं चित्रकूटधाम मण्डल की खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2021 का शुभारम्भ हुआ। उन्होने कहा कि देश व प्रदेश की जीडीपी में कृषि क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है, इसे और अधिक लाभदायक तथा और आगे ले जाने के लिये सरकार द्वारा अनेक योजनायें संचालित की जा रही है। योजनाओं का लाभ सीधे किसान तक पहुंचे, उसके लिये प्रचार-प्रसार कराया जाना आवश्यक है ताकि किसान योजनाओं और नई तकनीकी का लाभ लेकर अपनी फसल की पैदावार बढ़ा सके। सरकार द्वारा जिलों में उन्नतशील बीज व उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने चारों मण्डलों की खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2021 के शुभारम्भ पर कहा कि गोष्ठी का मुख्य उददेश्य मण्डल के जिलों में उत्पादन कैसे बढ़ाया जाये, मार्केटिंग कैसे हो इसकी प्लानिंग करते हुये किसान को उनकी उपज का उचित दाम दिलाया जाना है। उन्होने कहा कि किसान की आय को बढ़ाने में एफपीओ की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस स्थिति में एफपीओ को प्रमोट करना चाहिए ताकि ऐसे किसान जो नई तकनीकी व कृषियंत्रों को क्रय नही कर सकते है वह किराये पर लेकर इस्तेमाल करते हुये खेती में सुधार व उत्पादन में बढ़ोत्तरी कर सकते है।
मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2021 की अध्यक्षता करते हुये एपीसी ने कहा कि गेहूं खरीद का कोई लक्ष्य नही है, जब तक केन्द्रों पर गेहूं आता रहेगा उसे क्रय किया जायेगा। उन्होने कहा कि जनपद झांसी में एफसीआई केन्द्र पर समस्या थी जिसे जिलाधिकारी झांसी ने निस्तारित कर दिया, अब प्रापर खरीद हो रही है। उन्होने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों से कहा कि खेत तालाब का लक्ष्य व धनराशि उपलब्ध है माह जून तक सभी खेत तालाब पूर्ण हो जाने चाहिये ताकि वर्षा जल की एक-एक बूंद को सरंक्षित किया जा सके और आगामी फसल में लाभ प्राप्त हो सके।
गोष्ठी में अपर मुख्य सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी ने प्रयागराज व झांसी मण्डल में पराली प्रबन्धन पर बात करते हुये कहा कि इस वर्ष पराली न जलाये जाने के लिये किसानो को अभी से जागरुक किया जाये। जिलों के जिलाधिकारी पराली प्रबन्धन पर कार्ययोजना अवश्य तैयार करें। उन्होने कहा कि विरासतन प्रकरण में मृतक को हटाकर परिवार के सदस्य का नाम लिखे जाने के निर्देश दिये ताकि समय से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किया जा सकें।
अपर मुख्य सचिव कृषि ने कहा कि जल्द ही जिलों में रिक्त पदों को भरा जायेगा सभी कार्यवाही पूर्ण कर ली गयी है। उन्होने कहा कि झांसी मण्डल 3730 खेत तालाब का लक्ष्य निर्धारित है सभी जनपद 30 जून 2021 तक कार्य पूर्ण कर लें। उन्होने कहा कि किसानों के फसल बीमा के सम्बन्ध में जिलों द्वारा बताया कि जल्द ही प्रीमियम के लिये बैंक से बात की जायेगी ताकि किसानों को भुगतान मिल सके।
वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2021 में जिलाधिकारी/प्रभारी मण्डलायुक्त श्री आन्द्रा वामसी ने मण्डल में खरीफ की तैयारियों के बारे जानकारी देते हुये कहा कि बीज, उर्वरक व रसायन सभी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जनपद झांसी में पराली के सम्बन्ध में उन्होने बताया कि मोंठ तहसील में अधिक समस्या है, परन्तु इस बार किसानों को सुझाव दिया कि वह जल्द वुबाई करें। इसके लिये डिसिल्टिंग का कार्य भी जल्द शुरु किया जा रहा, जिससे नहरों का जल्द संचालन प्रारम्भ हो जायेगा और किसान वुबाई कर सकेंगे। पराली न जलाये जाने के लिये प्रधान व निगरानी समितियों को सक्रिय होकर जागरुक करने के निर्देश दिये गये है। उन्होंने बताया कि किसानों को पराली से होने वाले लाभ की जानकारी दी जा रही है, एनटीपीसी द्वारा पराली लेकर बिजली बनाए जाने तथा पराली से खाद बनाए जाने की भी जानकारी किसानों को दी जा रही है ताकि किसान पराली से लाभ प्राप्त कर सके।

प्रभारी मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप- अदर इंटरवेंशन घटक) खेत तालाब की मंडलीय जानकारी देते हुए बताया कि जनपद झांसी में 1492, जनपद जालौन में 1492, तथा जनपद ललितपुर में 746 तालाब का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने गोष्ठी में आश्वस्त करते हुए कहा कि समस्त जिले 30 जून तक लक्ष्य पूर्ण करते हुए खेत तालाब योजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले खेत तालाब का कार्य पूर्ण कर लेंगे।
जिलाधिकारी श्री आन्द्रा वामसी ने बताया कि जनपद में मनरेगा के माध्यम से विलुप्त कनेरा नदी का जीर्णोद्वार कर उसे उसे पुनर्जीवित किया गया, जल्द ही जनपद में पाड़री बांध को भी मनरेगा की माध्यम से जीर्णोद्धार करते हुए जल संरक्षण हेतु तैयार किया जायेगा। उन्होने बताया कि 486 तालाबों का जीर्णोद्वार किया जा चुका है, जल्द ही जनपद को प्राप्त खेत तालाब योजना के लक्ष्य को पूर्ण कर लिया जायेगा। गोष्ठी में उन्होने बताया कि 58 सहकारी समितियों का सुदृढ़ीकरण का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। जल्द ही केवीके की मरम्मत का कार्य प्रारम्भ कराया जायेगा। जनपद में बहुउददेशीय एरच बांध परियोजना की जानकारी देते हुये कहा कि निर्माण कार्य बंद है जांच के कारण इस पर पुर्नविचार किया जाये ताकि यह कार्य पूर्ण हो सके। उन्होने बताया कि किसानों द्वारा खरीफ 2020-21 में प्रीमियम दिया गया परन्तु उन्हे क्लेम प्राप्त नही हुआ है, इसका जल्द निस्तारण कराया जाये। उन्होने बताया कि जनपद में जल्द किसानों के वैक्सीनेशन कराये जाने हेतु अभियान चलाया जायेगा। उन्होने लखेरी बांध के 108 परिवारों के पुर्नवास सम्बन्धित जानकारी देते हुये कहा कि शासन इस पर जल्द विचार करें। जनपद में 50-50 किसानों को स्ट्राबेरी व ड्रेगनफ्रूट की खेती के लिये तैयार कर लिया गया है, जल्द ही किसानों की संख्या और बढ़ाई जायेगी।
गोष्टी में एफपीओ श्री अमित पाण्डेय ने सुझाव देते हुये कहा कि खरीफ में फसलों में खरपतवारनाशी रसायनों की अत्याधिक आवश्यकता होती है। जिसकी उपलब्धता कृषि रक्षा इकाईयों द्वारा करायी जाये। उन्होने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अन्तर्गत एफपीओ को फार्मिंग कलस्टर प्रदान किये जाये ताकि उत्पादन व गुणवत्ता बढ़ायी जा सकें। उन्होने कहा कि खाद बेचने के लिये प्रयोग की जाने वाली पाॅस मशीन के रखरखाव में अत्याधिक समस्या है। इसके लिये जनपद स्तर पर सर्विस सेन्टर खोले जाये ताकि खाद बेचने में कठिनाई न हो।
गोष्ठी से पूर्व तकनीकी फसल शोध प्रक्षेत्र मऊरानीपुर डा पीके सोनी ने तिल की खेती कैसे करें तथा मूंगफली की उन्नतशील प्रजातियों की जानकारी दी।
मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2021 में प्रयागराज, मिर्जापुर, झांसी/चित्रकूटधाम मण्डल के मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी तथा किसानों ने अपने विचारों व तैयारियों एवं सुझावों को साझा किया।
इस मौके पर एनआईसी कक्ष में सीडीओ श्री शैलेष कुमार, जेडीसी श्रीमती मिथलेश सचान, संयुक्त कृषि निदेशक श्री एसएस चौहान, डीडी राष्ट्रीय जलागम श्रीआरके उत्तम, प्रभारी डीडी कृषि श्रीकेके सिंह, अधिशाषी अभियंता श्रीउमेश कुमार सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jhansidarshan.in