कोविड 19 प्रोटोकाॅल के तहत जनपद में स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमा- अंचल अडजरिया
– दुर्गा उत्सव आयोजन के सम्बन्ध में अधिकारियों में समितियों ने किया मंथन
झांसी। उप्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाईन के अनुसार जनपद में दुर्गा उत्सव मनाये जाने व प्रतिमा स्थापित कराये जाने के सम्बन्ध में सोमवार को श्री दुर्गा उत्सव महासमिति के तत्वाधान में समस्त दुर्गा उत्सव समितियों, काली उत्सव समितियों व साउंड एसोसिएशन आदि की बैठक पुरुषोत्तम स्वामी की अध्यक्षता में सिद्वेश्वर मंदिर परिसर में सम्मन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट सलिल पटेल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रशिक्षु आईपीएस अभिजीत मौजूद रहे। जनपद के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बैठक में प्रतिभाग किया। जनपद में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित करने के संबंध में समितियों व प्रशासनिक अधिकारियाों के बीच वार्ता हुई। जिसमें बताया गया कि जिस तरह से परंपरागत प्रतिमाएं स्थापित होती चली आ रही हैं वही प्रतिमाओं की स्थापना इस वर्ष की जायेगी। कोरोना काल के चलते इस वर्ष कोई नया आयोजन नहीं किया जाएगा। दुर्गा उत्सव में कोविड-19 की गाइडलाइन का अनुसरण किया जाएगा। महामंत्री अंचल अर्जरिया ने दुर्गा प्रतिमाओं को अनुमति में आने वाली दिक्कतों के संबंध में प्रकाश डाला। जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक सिटी मजिस्ट्रेट अपने कार्यालय में बैठेंगे। समितियों को सिर्फ कोविड-19 प्रोटोकाॅल का अनुसरण करने की एप्लीकेशन देनी होगी। सिटी मजिस्ट्रेट व्हाट्सएप के माध्यम से स्थानीय पुलिस थाने, चैकी आदि से रिपोर्ट लगवा कर समितियों को उपलब्ध करायेंगे। इस अवसर पर अन्य विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दुर्गा उत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय जैन, संजीव तिवारी, पीयूष रावत, मुकेश उमरिया, रवि खटीक, छोटू कुशवाहा, किशोर तिवारी, जयदीप खरे, रवीश त्रिपाठी, शैलेंद्र, मोनू, जगमोहन, आदित्य तिवारी, अरुण कुशवाहा सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।