पहली पत्नी के होते हुए रचाई दूसरी शादी
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद के मझगवां थाना अन्तर्गत ग्राम अटगांव में पहली पत्नी को बताये बगैर एक व्यक्ति ने दूसरी शादी रचा ली। जानकारी होने पर जब पत्नी ने विरोध किया तो पति ने उसे धमकाते हुए भगा दिया। जिस पर पीड़िता ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेज कर न्याय की गुहार लगाई।
मझगवां थाने के अटगांव गांव निवासी सरिता पुत्री रामरतन ने उच्चाधिकारियों को भेजे पत्र में सन बीते अठारह वर्ष पूर्व चरखारी के अनघौरा गांव निवासी जयसिंह के साथ उसका विवाह हुआ था। विवाह के बाद से ही परिजन उसके साथ मारपीट करने लगे थे। बताया कि ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित करते हुए शादी के दो वर्ष बाद ही मायके भेज दिया। मायके में बीमार होने पर उसकी मां सावित्री देवी ने उसका उपचार कराया। मायके पक्ष के लोग ने ससुराल जाकर काफी अनुनय विनय की किन्तु ससुरालियों का दिल नहीं पसीजा। आरोप लगाया कि दो दिन पहले ही जय सिंह ने चोरी छिपे अपनी दूसरी शादी कर ली जिसे उसके जेवरात भी दे दिये। जानकारी होने पर जब वह मायके पक्ष को साथ लेकर ससुराल पहुंची तो उसके पति ने धमकी देते हुंए उसे भगा दिया। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजते हुए कार्यवाही की मांग की। नेहा वर्मा