कोंच तहसील में खाकी की गुंडई पड़ी भारी, युवक की पिटाई करने वाले दोनों होमगार्ड सस्पेंड
जालौन के कोंच तहसील परिसर में मानसिक रूप से कमजोर युवक के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ने के बाद आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई कर दी है। तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात दो होमगार्ड जवानों द्वारा युवक को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद विभाग हरकत में आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला होमगार्ड कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने आरोपी होमगार्ड जवान रामकिशुन और विजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों के खिलाफ अनुशासनिक एवं दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि कोंच तहसील परिसर में हुई इस शर्मनाक घटना का वीडियो मीडिया के कैमरों में कैद हो गया था, जिसके बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। वायरल वीडियो में दोनों होमगार्ड एक युवक को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे थे।
कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ संदेश देने की कोशिश की है कि कानून व्यवस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की दबंगई और अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।