वाणिज्य शील्ड प्राप्ति में टिकट जांच स्टाफ की अहम भूमिका, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान समारोह आयोजित
उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में टिकट जांच राजस्व अर्जन के क्षेत्र में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में टिकट जांच कर्मियों ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया, जिसका महत्वपूर्ण योगदान मंडल को जोन स्तर पर प्राप्त वाणिज्य शील्ड में रहा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के मुख्य आतिथ्य में सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, झाँसी में टिकट जांच कर्मियों के सम्मान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) श्री नीरज भटनागर, जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने संबोधन में टिकट जांच स्टाफ की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं कठिन परिस्थितियों में भी राजस्व संरक्षण हेतु किए गए अथक प्रयासों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि झाँसी मंडल को उत्तर मध्य रेलवे में सर्वश्रेष्ठ वाणिज्य शील्ड प्राप्त होना पूरे वाणिज्य विभाग के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि टिकट जांच कर्मियों की सतत मेहनत, सजगता एवं निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि संभव हो सकी है। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री एम.एल. मीणा, श्री के.पी. आर्मो, श्री अशोक त्रिपाठी, श्री वीरेंद्र अहिरवार, श्री नवीन व्यास, श्री मुकेश श्रीवास्तव, श्री संजय सिंह, श्री अब्दुल अजीज, श्री जमशेर खान, श्री नीरज वर्मा, श्री संजय खरे, श्री महेंद्र सिंह पटेल, श्री अरुण सचान, सुश्री नाजिया सहित बड़ी संख्या में टिकट जांच स्टाफ उपस्थित रहा।
यह आयोजन न केवल कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान का सम्मान था, बल्कि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा का भी महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा भारतीय रेल के ऐतिहासिक एट–कोंच रेलवे सेक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस सेक्शन पर प्रचलित “केवल एक गाड़ी पद्धति” (One Train System) की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। इस पारंपरिक प्रणाली के अंतर्गत रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु लोको पायलट/क्रू को मेटल टोकन प्राधिकार पत्र प्रदान किया जाता है, जो यह सुनिश्चित करता है कि एक समय में केवल एक ही गाड़ी सेक्शन में संचालित हो। यह व्यवस्था भारतीय रेल की पुरानी लेकिन अत्यंत प्रभावी सुरक्षा प्रणालियों में से एक मानी जाती है।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने एट एवं कोंच रेलवे स्टेशनों का भी जायज़ा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, वाटर कूलर, पेयजल व्यवस्था, सिग्नलिंग सिस्टम एवं अन्य परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से संरक्षा मानकों के पालन, यात्रियों की सुविधा में निरंतर सुधार तथा स्टेशन परिसरों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर बल दिया।
इसके उपरांत कोंच स्थित गुड्स शेड का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने माल ढुलाई से संबंधित अधोसंरचना, लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रियाओं तथा उपलब्ध संसाधनों का आकलन किया और कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, गुड्स संचालन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पारंपरिक एवं आधुनिक तकनीकों के समन्वय के साथ सुरक्षित, सुचारु एवं कुशल रेल संचालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (ब्रांच लाइन) रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) सतबीर सिंह, मंडल इंजीनियर (मध्य) अंकुर गुप्ता मौजूद रहे।
उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल में आज दिनांक 30 अप्रैल 2026 को माह अप्रैल-2026 में सेवानिवृत्त हुए 19 रेल कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने सभी सेवा निवृत्त कर्मचारियों को सेवा प्रमाण पत्र एवं पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कुल रु. 6 करोड़ 27 लाख की राशि एनईएफटी के माध्यम से भुगतान की गई।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा रेलवे सेवा के दौरान दिए गए अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उनके समर्पण, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता को स्मरण किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि रेलवे परिवार में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है तथा सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उनका अनुभव एवं योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
समारोह में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा एवं सहायक मंडल वित्त प्रबंधक श्री रवि कुमार सविता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह समारोह सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं उनके दीर्घकालिक योगदान के प्रति रेलवे प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व में निरस्त की गई निम्नलिखित गाड़ियों की बहाली (Restoration) की जा रही है—
निरस्त ट्रेनों की बहाली
• गाड़ी संख्या 12209, गरीब रथ एक्सप्रेस (कानपुर सेंट्रल से काठगोदाम) गाड़ी संख्या 12210, गरीब रथ एक्सप्रेस (काठगोदाम से कानपुर सेंट्रल) – जो कि दिनांक : 01.06.2026 तक निरस्त थी, को बहाल किया गया है I
• गाड़ी संख्या 22705, तिरुपति से जम्मू तवी जो कि दिनांक : 26.05.2026 तक निरस्त थी, को बहाल किया गया है I
• गाड़ी संख्या 22706, जम्मू तवी से तिरुपति जो कि दिनांक : 29.05.2026 तक निरस्त थी, को बहाल किया गया है I
शोर्ट टर्मिनेट / ओरिजनेट ट्रेनों की बहाली
• गाडी संख्या 12549 दुर्ग – मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस जो कि दिनांक: 26.05.2026 तक जालंधर केंट पर शोर्ट टर्मिनेट होना थी, अब नियमित रूप से मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन स्टेशन तक संचालित होगी I
• गाडी संख्या 12550 मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन –दुर्ग एक्सप्रेस जो कि दिनांक: 28.05.2026 तक जालंधर केंट से शोर्ट ओरिजनेट होना थी, अब नियमित रूप से मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन स्टेशन से प्रस्थान / ओरिजनेट होगी I
• गाडी संख्या 20847 दुर्ग – मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस जो कि दिनांक: 27.05.2026 तक अम्बाला केंट पर शोर्ट टर्मिनेट होना थी, अब नियमित रूप से मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन स्टेशन तक संचालित होगी I
• गाडी संख्या 20848 मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन –दुर्ग एक्सप्रेस जो कि दिनांक: 29.05.2026 तक अम्बाला केंट से शोर्ट ओरिजनेट होना थी, अब नियमित रूप से मार्टयर कॅप्टन तुषार महाजन स्टेशन से प्रस्थान / ओरिजनेट होगी I
उक्त अवधि के पश्चात ये गाड़ियां अपने निर्धारित समय एवं मार्ग पर पुनः संचालित की जाएंगी।
यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पूर्व गाड़ी की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।