*माधौगढ़ में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: गुमशुदा युवक का शव मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित*
जालौन। कोतवाली माधौगढ़ क्षेत्र में गुमशुदा युवक के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। दिनांक 27 मार्च 2026 को कोतवाली माधौगढ़ में मु0अ0सं0 29/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामला रूद्रपुरा गांव निवासी कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के पुत्र परमाल सिंह के गुमशुदा होने से जुड़ा था। आरोप है कि गुमशुदा की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा कोई ठोस और प्रभावी प्रयास नहीं किए गए। इसी बीच 8 अप्रैल 2026 को कमल प्रताप सिंह का शव आरोपी रोहित याज्ञिक के बाड़े में मिट्टी के नीचे दबा हुआ बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए कोतवाली माधौगढ़ में तैनात प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू, उप निरीक्षक रामऔतार एवं मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को अपने पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।