मंडल खेलकूद संघ के डी.एस.ए. क्रिकेट स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर की फ्लड लाइट्स का भूमि पूजन सम्पन्न
आज दिनांक:09.04.2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा डी.एस.ए. क्रिकेट स्टेडियम, झाँसी में राष्ट्रीय स्तर की नवीन फ्लड लाइट्स लगाये जाने का शिलान्यास किया गया I
आज के कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने डी.एस.ए. क्रिकेट स्टेडियम, झाँसी में लगाई जा रही राष्ट्रिय स्तर की नवीन फ्लड लाइट्स के निर्माण कार्य का ले-आउट प्लान का विस्तृत अवलोकन किया तथा एवं कार्य की बारीकियों को जाना I सभी विवरण से संतुष्ट होने के उपरान्त उन्होंने ग्राउंड पर विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया तदुपरांत शिलापट का अनावरण किया I उल्लेखनीय है कि हाल ही में माह फरवरी में सभी सुविधाओं से युक्त राष्ट्रीय स्तर का नवीन पवेलियन बिल्डिंग का भी शिलान्यास मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार जी द्वारा किया गया था जिसका कार्य भी प्रगति पर है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद खिलाड़ियों को डी.एस.ए. क्रिकेट स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं के साथ मैच खेलने व देखने का अवसर प्राप्त होगा व साथ ही क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी । इसका निर्माण इस तरह किया जा रहा है ताकि भविष्य में यहाँ बी.सी.सी.आई. द्वारा संचालित विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं एवं रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट आयोजित कराए जा सकें।यह डी.एस. ए. रेलवे मैदान रेलवे स्टेशन से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को भी काफी सुविधा होगी।
अपर मंडल रेल प्रबंधक व मंडल खेल अधिकारी श्री नंदीश शुक्ल ने बताया कि डी.एस.ए. क्रिकेट स्टेडियम, झाँसी में लगभग 04 करोड़ की लागत से लगाई जा रही राष्ट्रिय स्तर की नवीन फ्लड लाइट्स के 35 मीटर ऊँचे 6 नंबर फ्लड लाइट मास्ट लगाये जाएँगे।जिससे पूरे मैदान में राष्ट्रीय स्तर के मैच में दी जाने वाली रोशनी यहाँ भी उपलब्ध होगी जिससे डे-नाईट मैच खेले जा सकेंगे । साथ ही उन्होंने बताया कि फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ी खुशखबरी है । डी. एस. ए. फुटबॉल मैदान के नवीनीकरण हेतु रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड, नई दिल्ली को एक प्रस्ताव भेजा गया था जिसके लिए रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा 1.3 करोड़ की राशि स्वीकृत की जा चुकी है जिसका भी निर्माण जल्द ही प्रारंभ कर दिया जायेगा। रेलवे कर्मचारी/खिलाड़ियों के लिए एक आधुनिक स्वीमिंग पूल का निर्माण भी जल्द ही शुरू होगा। इस सुविधाओं के हो जाने से न केवल झाँसी, बल्कि पूरे बुंदेलखंड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों हेतु बुनियादी ढाँचा मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परि.) व मंडल खेलकूद अधिकारी श्री नन्दीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक( इंफ्रा) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मण्डल विधुत अभियंता अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री सत्य साधन सिंह, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजिनीयर श्री नरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) श्री नीरज भटनागर, सहायक मंडल खेलकूद अधिकारी व मंडल अभियंता(मुख्यालय) रविकांत नवीन, (सहायक मंडल विद्युत अभियंता) हेमंत तिर्की एवं विधुत विभाग के वरिष्ठ खंड अभियंता संजीव निरंजन, भारत साहू ,विवेक वर्मा, अभिलाष साहू सहित झाँसी मण्डल के अन्य अधिकारीगण, निरीक्षक, पर्यवेक्षक तथा मण्डल खेलकूद सचिव पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अरविंद कपूर, मण्डल खेलकूद सहसचिव प्रतीक मजूमदार एवं ग्राउंड अन्य स्टाफ कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
(2)
रेल संपत्ति चोरी करते एक अभियुक्त व एक बाल अपचारी गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा अपराध नियंत्रण अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए रेल संपत्ति चोरी में संलिप्त एक अभियुक्त एवं एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 09.04.2026 को उप निरीक्षक जे. पी. यादव अपने हमराही स्टाफ के साथ सेक्शन गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति ऐरच रोड स्टेशन के दक्षिण यार्ड में रेल संपत्ति चोरी कर मोटरसाइकिल से ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम द्वारा ऐरच स्टेशन के दक्षिण यार्ड स्थित पुराने स्टेशन भवन के पास दबिश दी गई, जहां से दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में छोटू कुमार (उम्र 19 वर्ष) एवं एक बाल अपचारी (उम्र 14 वर्ष), निवासी ग्राम सेसा, थाना पूछ, जनपद झांसी शामिल हैं।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक बोरी में जोगल प्लेट, पेंड्राल क्लिप, नट-बोल्ट एवं एक रेलवे लाइन क्लिप बरामद की गई, जिनका कुल वजन लगभग 28.700 किलोग्राम है। जब्त रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत 1400 रुपये आंकी गई है। दोनों के विरुद्ध आरपीएफ पोस्ट उरई (आउट पोस्ट मोठ) पर धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम एवं धारा 147 रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
(3)
*झांसी मंडल में ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत दिव्यांगजनों को प्राथमिकता*
झांसी मंडल में ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों (दिव्यांगजन) को विशेष अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। मंडल प्रशासन ने जानकारी दी है कि झांसी मंडल के कुल 31 रेलवे स्टेशनों पर इस योजना के तहत स्टॉल आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का उद्देश्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त आवेदनों में दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन संबंधित रेलवे कार्यालय में जमा कर सकते हैं। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झांसी वाणिज्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है।