• Thu. Jan 29th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

परियोजनाओं का निर्माण कार्य मानकों की गुणवत्ता के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें: मण्डलायुक्त

ByNeeraj sahu

Sep 8, 2025
परियोजनाओं का निर्माण कार्य मानकों की गुणवत्ता के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें: मण्डलायुक्त
*नगर निकायों एवं नगर पंचायतों में लक्षित परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी स्वयं करें अधिकारी
*झांसी मंडल में लक्षित 01 करोड़ से अधिक लागत की निर्माणकारी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
—————————————
      झांसी: आज मंडलायुक्त, झांसी श्री बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में शासन द्वारा झांसी मण्डल में लक्षित 01 करोड़ रुपए से अधिक लागत की निर्माणकारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी।
      मण्डलायुक्त ने कहा कि नगर निकायों एवं नगर पंचायतों में लक्षित परियोजनाओं को सुनियोजित ढंग से पूर्ण करना मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शुमार है, इस हेतु नगर निकायों एवं नगर पंचायतों में लक्षित परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी सम्बन्धित अधिकारी सजगता के साथ करें। उन्होंने सिंचाई विभाग की समीक्षा में कहा कि जनता को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाले कार्यों (नहर एवं सेवामार्ग मरम्मत) को योजनाबद्ध तरीके के साथ तकनीकी दृष्टिकोण अपनाकर पूर्ण कराएं।
      बैठक की अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के उपस्थित प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि 01 करोड़ से अधिक लागत के ऐसे निर्माणाधीन कार्य जिनमें अवमुक्त धनराशि पूर्ण या आंशिक रुप से उपलब्ध है, उन परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण निर्माण शीघ्रता के साथ ही पूर्ण कर सम्बन्धित परियोजना का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराते हुये सम्बन्धित विभाग को जनकल्याण के उपयोग हेतु हस्तान्तरित करायें, जिससे शासन द्वारा लक्षित निर्माण सम्बन्धी परियोजनाओं का आमजनमानस को समुचित लाभ प्राप्त हो सके।
       बैठक में सिंचाई एवं जलसंसाधन विभाग के अन्तर्गत लक्षित परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक न होने पर मण्डलायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि लम्बित परियोजनाओं की स्थिति के बारे में शासन को जानकारी प्रदान करें।
      बैठक में उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग श्री एस0 एन0 त्रिपाठी ने मंडल में लक्षित 01 करोड़ से अधिक लागत के ऐसे निर्माणाधीन कार्य, जिनमें कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि व्यतीत हो चुकी है एवं अवमुक्त धनराशि पूर्ण या आंशिक रुप से उपलब्ध है, की प्रगति के बारे में बताया कि झांसी मंडल में इस प्रकार की कुल 48 परियोजनाएं निर्माणाधीन है, जिन पर कार्य प्रगति पर है एवं शीघ्र ही अवशेष कार्य पूर्ण होने पर सम्बन्धित परियोजनाओं को विभागों को उपयोग हेतु हस्तान्तरित कर दिया जायेगा।
       समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त श्री ऋषि मुनि उपाध्याय, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग श्री एस0 एन0 त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा, अधिशाषी अभियंता जल निगम श्री रणविजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jhansidarshan.in