संरक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मंडल रेल प्रबंधक द्वारा कर्मचारियों को सम्मानित किया गया
झाँसी, 28 जुलाई। मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सिन्हा के नेतृत्व में आज झाँसी मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को “संरक्षा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार उन कर्मचारियों को प्रदान किए गए जिन्होंने असामान्य परिस्थितियों में सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन कर्मचारियों की सेवा भावना, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए प्रत्येक को ₹1000/- की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत कर्मचारियों की सूची इस प्रकार है:
1. श्री राकेश कुमार अहिरवार, ट्रैकमैन – यूनिट 24 / झाँसी
2. श्री राम किशोर मीना, स्टेशन प्रबंधक – सिकरोंदा
3. श्री नीरज सतनाम, उप स्टेशन प्रबंधक – जखोरा
4. श्री सुनील कुमार, ट्रैक मेंटेनर – घाटमपुर
5. श्री राहुल कुमार, ट्रैकमैन – घाटमपुर
6. श्री अशोक कुमार मीना, मुख्य लोको निरीक्षक – ग्वालियर
7. श्री संदीप श्रीवास्तव, लोको पायलट (पैसेंजर) – ग्वालियर
8. श्री उत्तम सिंह नरेलिया, सहायक लोको पायलट – ग्वालियर
9. श्री छविलाल, ट्रैकमैन – मुहासा
10. श्री मंटू, ट्रैकमैन – मुहासा
11. श्री विवेक कुमार, ट्रैकमैन – धौर्रा
12. श्री रामवरन मीना, ट्रैकमैन – मुहासा
13. श्री विकास कुमार, ट्रैकमैन – झाँसी
14. श्री आशीष कुमार यादव, कांटेवाला – शिवरामपुर
इन सभी कर्मचारियों ने अपने कर्तव्य क्षेत्र में जिस सजगता, निष्ठा और कर्मठता का प्रदर्शन किया है, वह अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मंडल रेल प्रशासन सभी सम्मानित कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देता है एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
छतरपुर स्टेशन पर आधुनिक फुटओवर ब्रिज निर्माण को मिली रफ्तार, सभी 11 गार्डर सफलतापूर्वक लॉन्च
झाँसी मंडल के 11 स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े एफओबी निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी
झाँसी, 28 जुलाई 2025। यात्रियों की सुविधाओं एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झाँसी रेल मंडल द्वारा स्टेशनों के आधुनिकीकरण की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी एवं ग्वालियर जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ मंडल के अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार सुनियोजित ढंग से किया जा रहा है।
इसी क्रम में महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है। इस एफओबी के लिए कुल 11 गार्डर की आवश्यकता थी, जिनमें से 5 गार्डर दिनांक 26 जुलाई 2025 को सफलतापूर्वक लॉन्च किए गए थे। आज दिनांक 28 जुलाई 2025 को शेष 6 गार्डरों की भी कुशलतापूर्वक लॉन्चिंग कर दी गई है। यह कार्य ब्रिज इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के निर्देशन एवं कुशल कारीगरों के सहयोग से समयबद्ध एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न किया गया।
गौरतलब है कि झाँसी मंडल के अधिकांश स्टेशनों पर दोहरीकरण कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात प्लेटफार्मों की संख्या में वृद्धि हुई है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है।
मंडल के 11 प्रमुख स्टेशनों — मुरैना, डबरा, दतिया, भिंड, ललितपुर, उरई, बांदा, चित्रकूटधाम कर्वी, महोबा, महाराजा छत्रसाल छतरपुर एवं टीकमगढ़ — पर इन आधुनिक एफओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ये ब्रिज यात्रियों को प्लेटफार्मों के मध्य सुरक्षित, सहज एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएंगे, जिससे न केवल भीड़ प्रबंधन में सुधार होगा बल्कि स्टेशन परिसरों में संरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इन फुटओवर ब्रिजों की चौड़ाई एवं संरचना उन्हें अत्यधिक भीड़भाड़ की स्थिति में भी उपयोगी बनाती है। इससे यात्रियों को सुविधा के साथ-साथ रेलवे के परिचालन कार्यों में भी गति और दक्षता प्राप्त होगी। यह संरचनात्मक उन्नयन रेलवे की आधुनिक सोच और यात्रियों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि मंडल के सभी 11 चिन्हित स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज का कार्य तीव्र गति से जारी है। छतरपुर स्टेशन पर सभी गार्डर की सफल लॉन्चिंग इसके समयबद्ध निष्पादन का उदाहरण है। यात्रियों की सुविधा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यह निर्माण अत्यंत आवश्यक है। कम आवागमन वाले स्टेशनों पर भी मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण हमारी प्राथमिकता में शामिल है।
गाड़ी संख्या 51813/51814 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – लखनऊ पैसेंजर झाँसी-गोविन्दपुरी के मध्य हुई रिस्टोर
रेल प्रशासन द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है की गाड़ी संख्या 51813/51814 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – लखनऊ पैसेंजर, जो की पूर्व में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से लखनऊ के मध्य रद्द होना अधिसूचित की गयी थी, उक्त गाडी को शॉर्ट टर्मिनेशन के साथ रिस्टोर किया जा रहा है जिसका विवरण निम्न अनुसार है।
1. गाड़ी संख्या 51813 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी लखनऊ पैसेंजर दिनांक 29.07.2025 से 02.08. 2025 तक, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से गोविंदपुरी के मध्य संचालित की जाएगी, यह गाडी गोविंदपुरी स्टेशन पर शोर्ट टर्मिनेट होगी तथा समय 9:40 बजे गोविंदपुरी स्टेशन पहुचेगी I
2. गाड़ी संख्या 51814 लखनऊ-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पैसेंजर, दिनांक 29.07.2025 से 02.08. 2025 तक शोर्ट ओरिजनेट होकर गोविंदपुरी से 19:10 बजे प्रस्थान करेगी तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तक चलाई जाएगी I
इस प्रकार गाड़ी संख्या 51813 / 51814 गोविंदपुरी-लखनऊ-गोविंदपुरी के मध्य उक्त अवधि में निरस्त रहेगी I