बड़ी पूजा: माँ हुल्का देवी की गांठ बंधाई में जुटी महिलाएं, शनिवार को बड़ी पूजा के संपन्न होंगे अनुष्ठान
जालौन:-कोंच मालवीय नगर बजरिया स्थित लोक देवता लाला हरदौल मंदिर में मां हुल्का देवी की गांठ बंधाई के कार्यक्रम में बारिश के बीच भी काफी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति देखने को मिली। सैकड़ों माताएं बहिनें मां की विदाई से पूर्व उनकी गांठ बधाई करने के लिए पहुंच रही है। 18 सितंबर 21 शनिवार को त्रैबार्षिक बड़ी पूजा का आयोजन होना है। हालांकि विगत वर्षों में इस बड़ी पूजा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां हुल्का देवी की शोभायात्रा में शामिल होते रहे हैं लेकिन इस बर्ष कोविड काल में पड़ने और प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के कारण बड़ी पूजा का आयोजन करने वाली लाला हरदौल मंदिर समिति ने शोभायात्रा नहीं निकालने का फैसला लिया है जिसका उन्होंने अनाउंसमेंट भी करा दिया है। इसके बावजूद पूजा और अनुष्ठान की अन्य औपचारिकताएं पूर्व की भांति परंपरागत रूप से निभाई जा रही हैं। मां की गांठ बंधाई की भी रस्म उन्हीं परंपरागत अनुष्ठानों का एक हिस्सा है। विदित हो कि त्रैवार्षिक बड़ी पूजा में सम्मिलित होने के लिए कोंच क्षेत्र के हजारों लोग पूरी श्रद्धा व आस्था के साथ आतुर रहते हैं, इसके अलावा दूर शहरों में रहने वाले नाते रिश्तेदार भी पूजा में सम्मिलित होने के लिए कोंच आते हैं।