झाँसी | कोतवाली थाना क्षेत्र के बिग्रेड स्कूल बररयाना मोहल्ला में बीते मंगलवार शराब की दुकान पर हुई तोड़फोड़ प्रकरण में पुलिस ने पांच महिलाओं सहित 12 लोगों के खिलाफ नामदर्ज तथा लगभग 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है |
ज्ञात हो कि बीते मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के बिग्रेड स्कूल बररयाना मोहल्ला में रहने वाले क्षेत्रवासियों ने बीच बस्ती में खुले शराब के ठेके पर जमकर तोड़फोड़ कर दी थी | क्षेत्रवासियों का कहना था कि शराब कि दुकान से मोहल्ले में लगातार अभद्र वातावरण बन रहता है और मोहल्ले की लड़कियों का निकलना दूभर हो गया है | मौके की नजाकत को देखकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी थी और क्षेत्र में हो रहे हंगामे को शांत कराया था | इसी सम्बन्ध में नई बस्ती निवासी शैलेन्द्र कुमार पुत्र खलक सिंह ने कोतवाली थाना में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि क्षेत्र में ही रहने वाले दीपक, सुरेश, दीपक वर्मा, पंकज वर्मा, रविशंकर, रोहित, अरविन्द, यशोदा, शारदा, तारा, कला, अनीता सहित करीब 20 अज्ञात लोगों ने नियोजित तरीके से उसकी शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर दी | कोतवाली थाना पुलिस ने शैलेन्द्र की तहरीर के आधार पर उक्त नामदर्ज लोगों सहित 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 147, 504, 506, 427 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करते हुए कानूनी कार्यवाही की है | वही क्षेत्रीय महिलाओं ने आज जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए बीच बस्ती में खुले उक्त शराब के ठेके को तत्काल बंद कराने कि मांग की है |
रिपोर्ट-=आयुष साहू