नाबालिग छात्रा से अपहरण के बाद हुआ सामूहिक दुष्कर्म, ग्रामीणां ने किया कोतवाली में हंगामाः रिपोर्ट- नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र में कक्षा 9 की नाबालिग छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज न होने पर आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने पीड़िता के साथ पहुंच कर हंगामा काटा। सीओ द्वारा मुकदमा दर्ज किये जाने के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
राठ कोतवाली क्षेत्र के सरसैड़ा माफ गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि सोमवार की रात वह अपने परिजनों के साथ अपने घर में सो रहा था। तभी रात में करीब 11 बजे गांव के ही दो व्यक्ति दीवार फांद कर घर के अंदर घुस गये। आरोप है कि उक्त दबंगों ने कक्षा 9 में पढ़ने वाली उसकी नाबालिग पुत्री को डरा धमका कर अगवा कर लिया। चीख पुकार सुनकर उसकी नींद टूटी जिस पर उसने शोर मचाते हुए आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। आरोपी छात्रा को बाइक पर बिठा कर ले गये। आरोप है कि दबंगों ने जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। अगली सुबह किशोरी को बिलगांव में नदी किनारे छोड़ कर भाग गये। किशोरी गांव निवासी अपने मामा के यहां पहुंची तथा रोते हुए पूरी बात बताई। पीड़ित द्वारा तहरीर दिये जाने के बावजूद कोतवाली में कोई सुनवाई नहीं हुई। आक्रोशित करीब आधा सैकड़ा ग्रामीण शनिवार को कोतवाली पहुंचे जहां पर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सीओ अभिषेक यादव ने कार्यवाही का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया।