दबंगों ने फूंकी किसान की झोपड़ी, किसान ने अधिकारियों से लगाई गुहारः रिपोर्ट- नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने रजिश के चलते एक किसान का खेत में बना कच्चा मकान आग के हवाले कर दिया। जब तक किसान मौके पर पहुंचता मकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की।
राठ कोतवाली क्षेत्र के औंता गांव निवासी मूलचंद्र पुत्र बल्ली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह खेत में झोपड़ी बनाकर अपनी खेतीबाड़ी का काम देखता है। मंगलवार की रात गांव में एक गमी हो जाने पर गांव गया हुआ था। तभी गांव के ही दो दबंगों ने उसकी झोपड़ी में आग लगा दी। जब तक वह गांव से अपने खेत पर पहुंचा झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। बताया कि आग से उसकी कच्चे मकान में रखी चारपाई, विस्तर, प्लास्टिक पाइप सहित करीब चालीस हजार का सामान जलकर खाक हो गया। किसान ने बताया कि आरोपियों ने सेक्टर पर अवैध कब्जा कर रखा है जिससे उसे अपने खेतों तक पहुंचने में परेशानी होती है। लेखपाल द्वारा नापजोख के बाद कब्जा हटाने के आदेश दिये थे किन्तु उसका दबंग पर कोई असर नहीं पड़ा। बताया कि इसी विवाद में उसे जान से मारने के लिये झोपड़ी में आग लगाई गई थी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की।