बिजली हुई गुल तो कांशीराम कालौनी के लोगों ने किया हंगामाः रिपोर्ट- नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद के राठ कसबा स्थित कांशीराम कालौनी में समस्याओं का अंबार है। विद्युत विभाग द्वारा बस्ती की बिजली गुल करने से आक्रोशित लोगों ने तहसील पहुंच कर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सुरेश कुमार मिश्रा ने लाइट जुड़वाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
राठ कसबे के कांशीराम कालौनी में लाइट की समस्या से लोग खासे परेशान हैं। आये दिन लाइट गुल रहती है जिससे पीने का पानी भी नहीं उपलब्ध होता है। बीते दो दिन से कालौनी में लाइट नहीं आ रही है। मंगलवार सुबह जब मुहालवासियों ने लाइनमैन को बिजली जोड़ने के लिये कहा तो उसने इनकार कर दिया। लाइनमैन ने बताया कि एसडीओ ने बिजली जोड़ने से मना किया है। यह सुनकर आक्रोशित कालौनी के दर्जनों लोग तहसील पहुंच गये जहां पर जमकर हंगामा काटा। लोग तहसील परिसर में धरने पर बैठ कर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामा होते देख मौके पर पहुंचे एसडीएम सुरेश कुमार मिश्रा ने एसडीओ से मामले की जानकारी लेते हुए लोगों को आश्वासन देकर शांत कराया।