कर्तव्यनिष्ठ जवानों को सम्मानपूर्ण विदाई, नौ होमगार्ड जवानों को मिला प्रशस्ति-पत्र
जालौन। विकास प्राधिकरण स्थित जिला कमांडेंट कार्यालय में शुक्रवार को होमगार्ड विभाग द्वारा सेवानिवृत्त जवानों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जवानों की वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों ने अपने सेवा काल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय देकर विभाग की गरिमा को बढ़ाया है। उन्होंने सेवानिवृत्त जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव समाज और प्रशासन के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। जिला कमांडेंट ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए ड्यूटी के दौरान उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाली छोटी से छोटी घटना की जानकारी भी समय पर पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त जवानों को शॉल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ जवानों को पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किए गए। इसके अलावा जनपद से स्थानांतरित हुए होमगार्ड अधिकारियों बुजेश कुमार सिंह एवं तुलसीराम बीओ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त जवान तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
होमगार्ड विभाग ने सेवानिवृत्त जवानों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके योगदान को सराहा, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।