• Mon. Jun 8th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*सुदामा के ‘पावर’ का बटन ऑन कर गए मनोज पांडेय! कैबिनेट मंत्री के स्वागत ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल, शक्ति प्रदर्शन की चर्चा तेज*

ByNeeraj sahu

Jun 6, 2026

सुदामा के ‘पावर’ का बटन ऑन कर गए मनोज पांडेय!

कैबिनेट मंत्री के स्वागत ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल, शक्ति प्रदर्शन की चर्चा तेज

उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय का जनपद जालौन दौरा सरकारी कार्यक्रमों के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बन गया। मंत्री के भव्य स्वागत, नागरिक अभिनंदन और विभिन्न आयोजनों के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि उनका आगमन पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित की राजनीतिक सक्रियता और प्रभाव को नई ऊर्जा दे गया है।
कालपी से उरई तक आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में सुदामा दीक्षित की सक्रिय मौजूदगी और उनके समर्थकों की बड़ी संख्या ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई अटकलों को जन्म दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के बीच भी इसे एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
मंत्री के स्वागत में बुंदेली संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। काफिले में ऊंट, घोड़ा-बग्घी, बैलगाड़ी और सैकड़ों ई-रिक्शा शामिल रहे। वहीं ‘बाबा का बुलडोजर’ फूलों की वर्षा करता नजर आया, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कालपी बाईपास से लेकर क्षीरसागर और एट तक कई स्थानों पर मंत्री का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में मंत्री का तुलादान किया गया। इसके बाद उन्हें फूल-मालाएं और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत से अभिभूत मंत्री ने कहा कि जालौन जनपद से उन्हें हमेशा स्नेह और सम्मान मिला है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद सुदामा दीक्षित की छोटी बेटी को दुलार कर अपने स्नेह का परिचय भी दिया।
अपने संबोधन में मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। सरकार गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
दौरे के दौरान मंत्री ने विकास भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री के इस दौरे के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्वागत कार्यक्रमों में उमड़ी भीड़ और सुदामा दीक्षित की सक्रिय भूमिका आने वाले समय में स्थानीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण संकेत मानी जा सकती है।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹

Jhansidarshan.in