• Mon. Jun 8th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

ओरछा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के विरुद्ध विशेष किलेबंदी जांच अभियान

ByNeeraj sahu

Jun 6, 2026


ओरछा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के विरुद्ध विशेष किलेबंदी जांच अभियान

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में दिनांक 04.06.2026 को ओरछा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के विरुद्ध विशेष किलेबंदी जांच अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात कर सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध टिकट किसी भी व्यक्ति को स्टेशन परिसर में प्रवेश अथवा बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। अभियान के प्रभाव से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही तथा टिकट खिड़की पर यात्रियों की उल्लेखनीय भीड़ देखी गई, जिसे नियंत्रित करने हेतु आरपीएफ जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 11801/11802 ग्वालियर–प्रयागराज–ग्वालियर एक्सप्रेस, 19665/19666 खजुराहो–उदयपुर–खजुराहो एक्सप्रेस तथा 64612/64613 मानिकपुर–झांसी–बांदा मेमू ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। इसके साथ ही सभी ट्रेनों के महिला एवं दिव्यांग कोचों का विशेष निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा तथा गंदगी फैलाने वाले कुल 127 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹70,415 का जुर्माना वसूल किया गया।

झांसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे सदैव वैध यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करें। इस प्रकार के विशेष जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे। अभियान में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री मनोहर लाल मीणा, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक श्री साकेत शुक्ल, मुख्य टिकट निरीक्षक श्री अरुण सचान, श्री राजेंद्र पाल, श्रीमती सरिता वर्मा, श्रीमती सुमन यादव, श्री सुवर्ण खांडेकर, श्रीमती भारती कुशवाहा, श्री अजय सिकरवार सहित रेलवे सुरक्षा बल के जवान उपस्थित रहे।


मंडल रेल प्रबंधक ने झांसी–आगासोद रेलखंड का किया व्यापक निरीक्षण*

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने आज झांसी–आगासोद रेलखंड का परख निरीक्षण यान से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीसरी लाइन, रेल पथ, समपार फाटक, संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं रेलवे परिसंपत्तियों का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण अनुरक्षण सुनिश्चित करने तथा परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक ने आगासोद रेलवे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रिमॉडलिंग कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने, निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने तथा परिचालन दक्षता एवं संरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यार्ड रिमॉडलिंग कार्य पूर्ण होने से रेल संचालन और अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा।

आगासोद स्टेशन पर ही मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन की विभिन्न संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान रिले रूम, पावर सप्लाई कक्ष, रेलवे सुरक्षा बल चौकी, स्टेशन मास्टर कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, उपकरणों के नियमित अनुरक्षण तथा संरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने करौंदा रेलवे स्टेशन एवं यार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैटरी रूम, OFC रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों का अवलोकन किया गया। साथ ही करौंदा यार्ड में स्थापित हॉट एक्सल  बॉक्स डिटेक्टर (HABD) की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण कर उसकी प्रभावशीलता की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संरक्षा उपकरणों के समुचित रखरखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने धौर्रा  एवं जाखलौन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान बैटरी रूम, OFC रूम, IPS रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों एवं प्रणालियों का अवलोकन किया गया। उन्होंने संरक्षा, अनुरक्षण तथा परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपकरणों के सुचारु संचालन, नियमित परीक्षण तथा उच्चतम संरक्षा मानकों के पालन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंतिम चरण में श्री कुमार ने ललितपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं के उच्च मानक बनाए रखने, स्टेशन परिसंपत्तियों के नियमित अनुरक्षण तथा संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं परिचालन दक्षता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) श्री सतबीर सिंह,
उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) श्री अमित कुमार , मंडल इंजीनियर (सेंट्रल) श्री अंकुर गुप्ता,  सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।

Jhansidarshan.in