• Sat. Jun 6th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

विश्व पर्यावरण दिवस पर झांसी रेल मंडल की हरित पहल

ByNeeraj sahu

Jun 5, 2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर झांसी रेल मंडल की हरित पहल


साइकिल रैली, वृहद पौधरोपण एवं सफाईमित्र सम्मान समारोह का आयोजन

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत 1500 से अधिक पौधे लगाए गए

झांसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झांसी रेल मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में साइकिल रैली, वृहद पौधरोपण कार्यक्रम तथा सफाईमित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसमें मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से रेल सुरक्षा बल कार्यालय परिसर तक साइकिल चलाकर स्वच्छ पर्यावरण, हरित ऊर्जा एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। साइकिल रैली में रेल सुरक्षा बल, स्काउट एंड गाइड, बीटीसी के प्रशिक्षुओं एवं खिलाड़ियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

इसके उपरांत आरपीएफ कमांडेंट कार्यालय परिसर स्थित मियावाकी वन क्षेत्र में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न देशी, औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के 1500 से अधिक पौधे लगाए गए। पौधरोपण में पारस, पीपल, जामुन, अर्जुन, पिलखन, नीम, महुआ, कचनार, गुलमोहर, शीशम, अशोक, बरगद, आम, अमरूद, बेलपत्र, तुलसी, अश्वगंधा, लेमन ग्रास, सर्पगंधा सहित अनेक प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाईमित्रों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने उन्हें सम्मान प्रदान करते हुए स्वच्छ रेलवे एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति द्वारा लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार बन सकता है। रेलवे द्वारा हरित एवं सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।”

पर्यावरण दिवस के अवसर पर डीजल लोको शेड, झाँसी परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल) की उपस्थिति में परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधों का रोपण किया गया। इसके अतिरिक्त मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों, शेड आदि स्थलों पर भी पौधरोपण किया गया

मियावाकी पद्धति : कम स्थान में घना वन विकसित करने की अभिनव तकनीक

आरपीएफ कमांडेंट कार्यालय परिसर में विकसित किया जा रहा मियावाकी वन झांसी मंडल की पर्यावरण संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण पहल है। मियावाकी पद्धति का विकास जापानी वनस्पति वैज्ञानिक प्रोफेसर अकीरा मियावाकी ने किया था।

इस पद्धति से विकसित वन सामान्य वनों की तुलना में लगभग 10 गुना तेजी से विकसित होते हैं तथा 30 गुना अधिक घने होते हैं। इन वनों में पक्षियों, तितलियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास विकसित होता है तथा इनके रखरखाव की आवश्यकता भी अपेक्षाकृत कम होती है।

मियावाकी तकनीक में भूमि को लगभग दो मीटर गहराई तक तैयार कर वॉटर रिटेनर, परफोरेटर, ऑर्गेनिक मैन्योर एवं मल्चिंग जैसी जैविक परतों का उपयोग किया जाता है, जिससे पौधों की तीव्र एवं स्वस्थ वृद्धि सुनिश्चित होती है।

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 की प्रमुख उपलब्धियां

झांसी रेल मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 संचालित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “Climate Change: Focusing on the Challenges Posed by Mother Earth” रही।

अभियान का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर किया गया था। अभियान के अंतर्गत मंडल के लगभग 90 रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं विभिन्न इकाइयों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित 440 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत झांसी मंडल में 40 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसके अतिरिक्त स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता रैलियां, क्विज प्रतियोगिताएं, जल संरक्षण कार्यक्रम, कपड़े के थैलों का वितरण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित की गईं।

रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा स्वयं की पानी की बोतल साथ रखने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरूकता फैलाई गई।

अभियान में हजारों रेल यात्रियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, स्काउट एवं गाइड सदस्यों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षुओं एवं सफाईमित्रों ने सक्रिय सहभागिता की।

पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन श्री नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री सत्यसाधन सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सुश्री सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी श्री सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री नरेंद्र सिंह सहित सभी ब्रांच अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

(2). 

बीटीसी झांसी में मुख्य लोको निरीक्षकों की संरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित

उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन मुख्य लोको निरीक्षकों को किया गया सम्मानित

झांसी। आज दिनांक 05.06.2026 को बीटीसी, झांसी में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) एवं मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) की उपस्थिति में मुख्य लोको निरीक्षकों की संरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 50 मुख्य लोको निरीक्षकों ने सहभागिता की। बैठक का उद्देश्य रेल परिचालन में संरक्षा, दक्षता एवं अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

बैठक के दौरान फुटप्लेट निरीक्षणों की गुणवत्ता में वृद्धि, संरक्षा परामर्श, ओवरड्यू फुट प्लेट काउंसलिंग के समयबद्ध निस्तारण, संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों की सतत निगरानी, RTIS के माध्यम से गति नियंत्रण, लोको उपकरणों के समुचित उपयोग तथा SIV एवं Static Converter से संबंधित प्रकरणों के विश्लेषण सहित संरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने मुख्य लोको निरीक्षकों को संरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी मुख्य लोको निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में संरक्षा, दक्षता एवं अनुशासन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा कर्मचारियों के नियमित मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग पर विशेष ध्यान दें। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन के लिए मुख्य लोको निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले तीन मुख्य लोको निरीक्षकों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास रेलवे में संरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

 
(3). 
झाँसी मंडल में सिग्नलिंग प्रणाली का हो रहा आधुनिकीकरण – रेल यातायात होगा और अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय

झाँसी मंडल में रेल परिचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सिग्नलिंग प्रणाली का निरंतर आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री नरेंद्र सिंह एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (मेन लाइन) श्री राज कुमार के तकनीकी निर्देशन में यह कार्य तेजी से प्रगति पर है।

इसी क्रम में मंडल के Rusty Rail Track Sections (जंगग्रस्त रेल पथ खंडों) में पारंपरिक डीसी ट्रैक सर्किट प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से हटाकर अत्याधुनिक ड्यूल एक्सल काउंटर तकनीक स्थापित की जा रही है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत झाँसी मंडल के कुल 91 ट्रैक सेक्शनों में ड्यूल एक्सल काउंटर लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 69 ट्रैक सेक्शनों में यह तकनीक सफलतापूर्वक स्थापित एवं चालू की जा चुकी है, जबकि 17 ट्रैक सेक्शनों में कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। शेष सेक्शनों में भी निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

इसी क्रम में आज खजराहा (KHJ) स्टेशन पर 9 ट्रैक सेक्शनों में अत्याधुनिक GGT Make MSDAC को EI Alteration के साथ सफलतापूर्वक कमीशन किया गया।

उल्लेखनीय है कि पारंपरिक डीसी ट्रैक सर्किट प्रणाली में पटरियों पर जंग जम जाने की स्थिति में विद्युत संपर्क प्रभावित हो जाता है, जिससे ट्रेनों की उपस्थिति का सटीक पता लगाने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। इस चुनौती का समाधान करने हेतु झाँसी मंडल द्वारा आधुनिक ड्यूल एक्सल काउंटर तकनीक को अपनाया जा रहा है।

यह तकनीक रेल पथ पर गुजरने वाले पहियों की गणना के आधार पर ट्रेन की उपस्थिति का सटीक निर्धारण करती है। परिणामस्वरूप जंगग्रस्त ट्रैक सेक्शनों में भी ट्रेनों की विश्वसनीय एवं सुरक्षित पहचान सुनिश्चित होती है। ड्यूल डिटेक्शन प्रणाली के उपयोग से रेल परिचालन और अधिक सुरक्षित, समयबद्ध तथा दुर्घटनामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

झाँसी मंडल रेल प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आधुनिक तकनीकों से युक्त उत्कृष्ट रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत एवं प्रतिबद्ध है।

 
(4). 
सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन

झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय बच्चों के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। समापन समारोह में शिविर में विभिन्न खेलों एवं गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले लगभग 170 प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं टी-शर्ट प्रदान कर उनका तथा प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा खेल भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।

शिविर के दौरान बच्चों को आत्मरक्षा, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, कैरम, डांस एवं शतरंज सहित विभिन्न खेलों एवं गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन अवसर पर प्रशिक्षार्थियों ने शिविर के दौरान अर्जित कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सीनियर इंस्टीट्यूट में स्थित पार्क में वृक्षारोपण भी किया गया।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा)श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, श्री नंदीश शुक्ला अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेटिंग), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) श्री अमन वर्मा, श्री नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री ए.पी. गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) श्री सतवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री सत्यसाधन सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री आदेश कुमार मिश्रा, श्री वीरेंद्र अहिरवार तथा श्री सत्यपाल सिंह (एससी/एसटी एसोसिएशन) सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर इंस्टीट्यूट कमेटी के सचिव श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्री शोभाराम राय, कोषाध्यक्ष श्री स्वर्ण सिंह ठाकुर तथा समिति के सदस्य श्री ब्रजेंद्र यादव, श्री वहीद खान, श्री इंद्रपाल सिंह भदौरिया, श्री अभिषेक रायकवार, श्री जितेंद्र रायकवार, श्री अतहर निहाल सिद्दीकी, श्री तनवीर अहमद, श्री नवीन मिश्रा एवं श्री शरीफ खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री स्वर्ण सिंह ठाकुर ने किया तथा अंत में श्री शोभाराम राय ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Jhansidarshan.in