झाँसी, दिनांक 23 अप्रैल 2026।
उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल अंतर्गत वर्कशॉप ऑडिटोरियम में लोको पायलटों एवं उनके परिवारजनों के लिए एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा में लोको पायलट के परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा ड्यूटी से पूर्व गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विश्राम के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री पी.पी. शर्मा तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) झाँसी, श्री शिवम श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ल ने कहा कि लोको पायलट की जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण होती है। उनका मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य सीधे तौर पर रेल संरक्षा से जुड़ा होता है। जब लोको पायलट को परिवार का भावनात्मक सहयोग प्राप्त होता है तथा उन्हें ड्यूटी से पूर्व पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण विश्राम मिलता है, तो वे अधिक सजगता, दक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाते हैं।
संगोष्ठी के दौरान नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से परिवारजनों को यह संदेश दिया गया कि घर का शांत, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक वातावरण लोको पायलट के विश्राम की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है। इससे वे तनावमुक्त होकर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में लोको पायलटों एवं उनके परिजनों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी जाना गया तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही, विश्राम के समय मोबाइल, टीवी अथवा अन्य व्यवधानों से दूर रहने की अपील की गई, ताकि पूर्ण विश्राम सुनिश्चित हो सके।
संगोष्ठी के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि यदि लोको पायलट का परिवार सहयोगी एवं जागरूक हो, तो वह भी अप्रत्यक्ष रूप से रेल संरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
इस अवसर पर रनिंग कर्मचारियों के 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य लोको निरीक्षक, झाँसी श्री एम.के.एस. कुशवाह के निर्देशन में मुख्य ट्रेन लिपिक श्री सुभाष बाबू खत्री एवं श्री रजनीश श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में “नशामुक्त होकर ड्यूटी करना”, “संकेतों का गहन अवलोकन करते हुए ट्रेन संचालन” तथा “सतर्कता से संबंधित सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन” जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त, क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोको पायलट (गुड्स) श्री संचित अग्रवाल द्वारा उल्लेखनीय तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ क्रू नियंत्रक, झाँसी श्री राजीव अग्रवाल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
(2). ललितपुर स्टेशन पर वृहद स्तर पर चलाया गया टिकट जांच अभियान
मंडल रेल प्रबंधक झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में बिना टिकट यात्रियों की रोकथाम हेतु आज दिनांक 23.02.2026 को ललितपुर रेलवे स्टेशन पर व ट्रेनों में बिना टिकट, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले, धुम्रपान करने वाले, गंदगी फैलाने वाले यात्रियों की धरपकड़ हेतु वृहद स्टर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया I दिन भर चले इस जांच अभियान में कुल 294 यात्रियों को पकड़ कर उनसे जुर्माना स्वरूप लगभग 2 लाख रु. रेल राजस्व वसूल किया गया । जांच अभियान के दौरान ट्रेन में अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्री इधर उधर छिपते नजर आए तथा तथा उनके मध्य भय का माहौल रहा ।
जाँच के दौरान विशेष तौर पर गाड़ियों में महिला कोच, दिव्यांग कोच की जांच करते हुए अनाधिकृत यात्रियों को शिफ्ट भी किया गया I इस अभियान का नेत्रित्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।जांच में मुख्य टिकट निरीक्षक / मुख्यालय श्री एम. एल. मीना, उप मुख्य टिकट निरीक्षक श्री नन्द किशोर, अरुण सचान, श्री रघुवीर रजक, श्री साकेत यादव, वरिष्ठ वाणिज्य सह टिकट क्लर्क श्रीमति ज्योतिका साहू, श्रीमति कविता अग्रवाल शामिल रहे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा ने बताया कि इस प्रकार के जांच अभियान निरंतर जारी रहेंगे । अतः यात्रियों से अनुरोध है कि वह उचित यात्रा टिकट लेकर एवं निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करे तथा रेल परिसर में धुम्रपान एवं गंदगी न फैलाए ।
आधारभूत संरचना एवं यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
झांसी मंडल में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि के उद्देश्य से आज दिनांक 23.04.26 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा झांसी–हेतमपुर एवं बिरलानगर – उदीमोड रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक। कर्व, स्टेशनों की साफ सफाई, ओ एच ई, सिग्नल , फाटक , ब्रिज आदि निरीक्षण किया।
निरीक्षण यान “परख” के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक ने झांसी–हेतमपुर खंड का विंडो निरीक्षण करते हुए चंबल ब्रिज के समीप कार्यस्थल का अवलोकन किया । इस दौरान सेस कार्य, ब्लैंकेटिंग, सिग्नल इंस्टॉलेशन, ट्रैक, जॉइंट्स एवं पॉइंट्स के साथ-साथ ड्रेन एवं टो वॉल निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने हेतमपुर स्टेशन का भी निरीक्षण किया, जहां यात्री सुविधाओं, रिले रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष तथा पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में अमृत भारत योजना के तहत विकसित किए जा रहे मुरैना स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, पेयजल उपलब्धता एवं अन्य यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने के निर्देश दिए तथा “पे एंड यूज़” शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त रिले रूम, आईपीएस/बैटरी रूम, इलेक्ट्रिकल पैनल रूम एवं सीसीटीवी सर्वर रूम की कार्यप्रणाली की जांच की गई। स्टेशन के विश्रामालय, पुरुष एवं महिला प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म स्थित स्टॉल एवं वाटर बूथ का भी अवलोकन किया गया।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों के लिए समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इस क्रम में वाटर कूलरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की गई तथा जहां एसी या कूलर स्थापित हैं, उनके सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए। प्लेटफॉर्म संख्या 04 के उन्नयन कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं में और सुधार लाने तथा मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुरैना से प्रस्थान उपरांत उदीमोड़–भिंड खंड में स्थित चंबल ब्रिज का भी व्यापक निरीक्षण किया गया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित भिंड स्टेशन का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, फसाड, कार्यालयों, कैटरिंग स्टॉल तथा रेलवे क्वार्टरों का गहन अवलोकन किया गया। ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर के कार्यज्ञान का मूल्यांकन करते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु पेयजल उपलब्धता एवं पंखों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न डिपो एवं कार्यालयों का निरीक्षण कर स्टॉक सत्यापन एवं स्क्रैप की जांच के निर्देश भी प्रदान किए गए। रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय एवं टीटी रेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया गया।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ग्वालियर स्टेशन का भी व्यापक निरीक्षण किया। सके पश्चात श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा पुनर्विकसित किए जा रहे ग्वालियर स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की तथा यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं यात्री अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यात्री आवागमन, संकेतक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (उत्तर) श्री अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल दूरसंचार इंजीनियर श्री नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टी आर डी श्री सतबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (उत्तर) श्री अजय कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल दूरसंचार इंजीनियर श्री नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सामान्य श्री अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टी आर डी श्री सतबीर सिंह, उप मुख्य इंजीनियर/निर्माण श्री सुधीर कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर परिचालन श्री शिवम श्रीवास्तव, सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।